पाली में भाजपा ने शुरू किया ‘हर घर तिरंगा’ और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, हर वार्ड में निकलेगी तिरंगा यात्रा

पाली : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने पाली शहर में राष्ट्रभक्ति और पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक जनअभियान की शुरुआत कर दी है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार भाजपा पाली शहर द्वारा “हर घर तिरंगा अभियान” तथा “एक पेड़ माँ के नाम पौधारोपण अभियान” का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत शहर के प्रत्येक वार्ड और बूथ स्तर तक तिरंगा यात्रा, पौधारोपण और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा जिला प्रवक्ता एवं कार्यक्रम संयोजक तिलोक चौधरी ने बताया कि जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी एवं पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख के मार्गदर्शन में यह अभियान पूरे पाली शहर में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक वार्ड में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और युवाओं सहित आमजन में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं को वार्ड और बूथ स्तर पर अभियान की जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं तथा व्यापक जनसंपर्क की रणनीति तैयार की गई है।
अभियान की शुरुआत मंगलवार को गुरुनगर वार्ड संख्या 54 से की गई, जहां कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को गति दी। साथ ही “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रवक्ता तिलोक चौधरी, मंडल अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह भाटी, हजारी प्रसाद यादव, गणपत बावरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अभियान की तैयारियों में पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, जिला संयोजक दिग्विजय सिंह राठौड़, भरत त्रिवेदी, नारायण कुमावत, प्रताप सिंह जोधा, गोपाल बजारा, सुरेश पवार, शिवराम जाट, विक्रम पाल सिंह, अजय वैष्णव सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि आगामी दिनों में पाली शहर के सभी वार्डों और बूथों में पौधारोपण, तिरंगा यात्राएं और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
इस अभियान के माध्यम से पार्टी का लक्ष्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाना है।



