google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में सेवा भारती की जिला बैठक संपन्न, सेवा बस्तियों में कार्य विस्तार और संस्कार गतिविधियों को गति देने का आह्वान

पाली : सेवा भारती पाली की जिला बैठक बुधवार को जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह भाटी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सेवा परियोजनाओं की प्रगति तथा सेवा बस्तियों में चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्रांत संगठन मंत्री मंगलाराम ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए सेवा कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सेवा भारती का उद्देश्य केवल सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग को शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता से जोड़कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

प्रांत संगठन मंत्री मंगलाराम ने कार्यकर्ताओं से पाली नगर की 28 सेवा बस्तियों, मारवाड़ जंक्शन की तीन सेवा बस्तियों तथा जिले के सभी पांच उपखंडों में संचालित सेवा गतिविधियों का विस्तार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सेवा केंद्र को अधिक सक्रिय, व्यवस्थित और प्रभावी बनाते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को नियमित रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सेवा कार्यों के बेहतर संचालन, समाज से समन्वय और संगठनात्मक मजबूती के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।

बैठक के बाद सेवा भारती के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विकास नगर स्थित बाल संस्कार केंद्र का भ्रमण किया। यहां शिक्षिका अंजलि के निर्देशन में बच्चों ने दीप मंत्र, प्रातः स्मरण मंत्र, गायत्री मंत्र, मासिक गीत और भजन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यकर्ताओं ने बच्चों की प्रतिभा और संस्कारयुक्त वातावरण की सराहना करते हुए ऐसे केंद्रों को समाज निर्माण की मजबूत आधारशिला बताया।

इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सेवा बस्ती के दो परिवारों में आयोजित संध्या वंदन कार्यक्रम में भाग लिया, जिसमें लगभग 15 लोगों की सहभागिता रही। संध्याकाल में कार्यकर्ताओं ने छात्रावास में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रार्थना सभा तथा घुमंतू गुरुकुल के आरती कार्यक्रम में भी भाग लेकर सेवा एवं संस्कार आधारित गतिविधियों का अवलोकन किया।

बैठक में जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह भाटी, सह मंत्री राजेंद्र प्रसाद लखेरा, शिक्षा आयाम प्रमुख दिलीप गहलोत, सामाजिक आयाम प्रमुख मनोहर चोपड़ा, शंकर मेवाड़ा, रमेश बंजारा, राजेश रांकावत, राधाकृष्ण, चंदू सोनी, जितेंद्र सोलंकी, नगर महिला कार्य प्रमुख पुष्पा, विभाग सेवा प्रमुख ओमप्रकाश पटेल, नगर सेवा प्रमुख मनीष शर्मा, जिला प्रकल्प प्रमुख पारस सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सेवा कार्यों को अधिक व्यापक, प्रभावी और समाजोपयोगी बनाने का संकल्प लेते हुए आगामी योजनाओं को गति देने पर सहमति व्यक्त की गई।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button