तिरंगे के रंग में रंगा पाली, ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंजे सरकारी कार्यालय, 17 अगस्त तक होंगे देशभक्ति के विविध आयोजन

पाली : हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय सहित जिलेभर में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति तथा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। सरकारी कार्यालयों से लेकर विद्यालयों और पंचायत समिति मुख्यालय तक तिरंगे की आन-बान-शान के साथ देशभक्ति का माहौल नजर आया।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर निगम कार्यालय में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को समर्पित ‘वंदे मातरम्’ गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त देवीलाल बौचल्या सहित अधिकारी-कर्मचारी तथा अर्बन एनवायरो वेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड की टीम के सदस्य मौजूद रहे। सामूहिक गायन के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

लोढ़ा बाल निकेतन विद्यालय में आयोजित तिरंगा प्रदर्शनी एवं तिरंगा कैनवास पर हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी ने किया।
अधिकारियों ने तिरंगा प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा तिरंगा कैनवास पर हस्ताक्षर कर राष्ट्रीय प्रेम और देशभक्ति की भावना का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व तथा देश के प्रति अपने दायित्वों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
इसी क्रम में रोहट पंचायत समिति मुख्यालय पर अधिकारियों एवं कार्मिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। इस दौरान ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से वातावरण देशभक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया गया।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को लोढ़ा बाल निकेतन विद्यालय में तिरंगा प्रदर्शनी आमजन के अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी। वहीं 14 अगस्त को लोढ़ा स्कूल में ‘विभाजन की विभीषिका’ थीम पर विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही शाम 7 बजे तिरंगा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
जिले में 13 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत व्यापक सजावट एवं जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी शहरी निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं के कार्यालय भवनों तथा प्रमुख स्मारकों को तिरंगा रंग की एलईडी लाइटिंग से सजाया जाएगा।
प्रमुख बाजारों में भी लाइट डेकोरेशन, माला सजावट और दीपों से सजावट की जाएगी। इसके साथ ही ‘वंदे मातरम्’ की प्रेरणात्मक थीम पर विशाल तिरंगी रंगोलियां बनाई जाएंगी।

अभियान को शहरों तक सीमित नहीं रखते हुए ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचाने की तैयारी की गई है। 13 से 17 अगस्त तक प्रत्येक शहरी निकाय एवं पंचायत में मुख्य बाजार, पंचायत कार्यालय, भारत निर्माण सेवा केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र, बस स्टैंड सहित प्रमुख स्थानों पर तिरंगा कैनवास लगाए जाएंगे।
इन गतिविधियों के माध्यम से आमजन को तिरंगे से भावनात्मक रूप से जोड़ने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में अधिकाधिक भागीदारी निभाने तथा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखते हुए स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ मनाने की अपील की गई है।



