पाली नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज, राजनीतिक दलों को आचार संहिता की पालना के निर्देश

पाली : नगर निगम चुनाव-2026 को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (नगर निगम) एवं उपखंड मजिस्ट्रेट विमलेन्द्र सिंह राणावत की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करते हुए सभी राजनीतिक दलों से आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना करने और निष्पक्ष चुनाव में प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया गया।
ईआरओ विमलेन्द्र सिंह राणावत ने कहा कि नगर निगम चुनाव में भाग लेने वाले प्रत्येक राजनीतिक दल एवं प्रत्याशी को निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता का पूरी तरह पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों और आमजन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को चुनाव प्रचार के दौरान आवश्यक अनुमतियां लेने, निर्धारित नियमों का पालन करने तथा चुनावी गतिविधियों में नियमानुसार वाहनों का उपयोग करने सहित विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने चुनाव प्रक्रिया से संबंधित सवाल एवं सुझाव भी रखे, जिन पर अधिकारियों ने आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश दिए। बैठक में राम किशोर साबू, हकीम भाई, रफीक चौहान सहित विभिन्न प्रमुख राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
नगर निगम चुनाव की तैयारियों की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए ईआरओ विमलेन्द्र सिंह राणावत ने गुरुवार को शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। उन्होंने राजकीय विधि महाविद्यालय, मंडिया, मंडली, जलदाय विभाग कार्यालय सहित विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, मतदाताओं की सुविधा तथा निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम चुनाव को लेकर मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना देते हुए ईआरओ विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि शुक्रवार रात 12 बजे तक पात्र मतदाता मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकेंगे।
इसके लिए सभी बीएलओ को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। बीएलओ सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने सहित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करेंगे। वहीं, सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्र में बीएलओ की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
ईआरओ ने आम मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करवाएं।
उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम नहीं होने के कारण अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
नगर निगम चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, मतदाता सूचियों के अद्यतन और राजनीतिक दलों के साथ समन्वय की प्रक्रिया लगातार जारी है। आगामी दिनों में चुनावी गतिविधियां बढ़ने के साथ प्रशासन की निगरानी भी और सख्त की जाएगी।



