गोपाष्टमी पर पाली की पिंजरापोल गौशाला में होगा भव्य आयोजन, सुकून मुनि महाराज का मिलेगा सानिध्य

पाली : गोपाष्टमी पर्व को लेकर शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 17 नवंबर को गोपाष्टमी के पावन अवसर पर केरिया दरवाजा स्थित पिंजरापोल गौशाला में भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को गौशाला परिसर में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आयोजन को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
महेंद्र बोहरा ने बताया कि गोपाष्टमी पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में परम पूज्य सुकून मुनि महाराज सा का पावन सानिध्य प्राप्त होगा। उनके सानिध्य में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर गौशाला प्रबंधन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
पिंजरापोल गौशाला के मंत्री देवीलाल सांखला ने कहा कि गोपाष्टमी भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण के गौसेवा, गौपालन और गौसंरक्षण के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में गौमाता को विशेष स्थान प्राप्त है। गौमाता की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की सामाजिक जिम्मेदारी भी है। गोपाष्टमी का पर्व समाज में गौसेवा के प्रति जागरूकता और समर्पण की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।

महेंद्र बोहरा ने बताया कि कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत मुख्य अतिथियों में शामिल रहेंगे। इसके अलावा राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, पाली सांसद पी.पी. चौधरी, जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी, पूर्व सांसद पुष्प जैन, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख तथा महापौर श्रीमती नमिता विकास बुबकिया अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
प्रदीप कुमार कच्छवाह ने बताया कि गोपाष्टमी के पावन अवसर पर गौमाता की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद गौमाता को लापसी खिलाकर सुख-समृद्धि और मंगलकामना की जाएगी। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को गौसेवा, गौसंरक्षण और जीवदया के महत्व का संदेश दिया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में छगनलाल सालेचा, मूलचंद भंसाली, सुरेंद्र भंसाली, महावीर मेहता, महेंद्र बम्ब, रजनीश कर्णावत, राजेंद्र छाजेड़, प्रकाशचंद्र सुराणा, दिनेश कुमार गादिया, शिवप्रसाद प्रजापत, अशोक बाफना, रितेश छाजेड़, सुरेश पटेल एवं सोहनलाल भाटी सहित गौशाला से जुड़े कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



