पाली में ब्लॉक स्तरीय प्रतिभा प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने दिखाया हुनर, पांच विधाओं में हुआ मुकाबला

पाली : विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, रचनात्मक सोच और छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत ब्लॉक स्तरीय बौद्धिक एवं सृजनात्मक कौशल अभिवृद्धि प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्थानीय चीमाबाई संचेती राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मिल क्षेत्र पाली में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सीबीईओ दिलीप करमचंदानी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ संयोजक संस्था प्रधान श्रीमती गीता गुप्ता, प्रभारी देवेन्द्र प्रसाद डाबी एवं ब्लॉक गतिविधि प्रभारी प्रभुसिंह राजपुरोहित ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता के तहत आशुभाषण, निबंध, क्विज, चित्रकला और एकल गायन सहित पांच विधाओं में मुकाबले आयोजित किए गए।
आशुभाषण प्रतियोगिता में बालिका राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मिलक्षेत्र की छात्रा मनीषा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पुनायता की निधि राजपुरोहित द्वितीय स्थान पर रहीं। इस प्रतियोगिता के निर्णायक चंद्रकांत नंदा, सत्यनारायण राजपुरोहित एवं वैशाली चतुर्वेदी रहे।
निबंध प्रतियोगिता में बालिया स्कूल की छात्रा सादिया बानो ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वडेरवास की ललिता द्वितीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता का निर्णय गिरधारीलाल, संजय निंबार्क एवं इंद्रा चौधरी ने किया।
क्विज प्रतियोगिता में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पुनायता की निकिता पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल के हिमांशु द्वितीय स्थान पर रहे। इस प्रतियोगिता के निर्णायक राजेन्द्र जैन, अर्जुन सिंह एवं जयपाल सिंह रहे।
चित्रकला प्रतियोगिता में बांगड़ स्कूल की पलकिन जोशी ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वडेरवास की कोमल द्वितीय स्थान पर रहीं।
वहीं एकल गायन प्रतियोगिता में बालिका राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मिलक्षेत्र की संध्या ने प्रथम स्थान हासिल किया। पीएश्री सेठ मुकनचंद बालिया स्कूल की प्रीतिकंवर द्वितीय रहीं। इस प्रतियोगिता में खेमचंद शर्मा, सत्यप्रभा एवं वत्सला शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन बालिका राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मिलक्षेत्र पाली में किया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर सफल रहे विद्यार्थी जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय और ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन राजू देवी ने किया। इस अवसर पर दिनेश जैन, कैलाश शर्मा, नारायण सिंह राजपुरोहित, अनिता व्यास, लता कुमारी, मनोज जैन सहित विद्यालय स्टाफ एवं पीईईओ/यूसीईओ के प्रभारी शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रधान गीता गुप्ता ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।



