google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में पेट्रोल पंप पर बड़ी गड़बड़ी पकड़ी, 5 लीटर पेट्रोल में 30 ML कम दे रहा था नोजल, 10 हजार का जुर्माना

पाली : अगर आप पेट्रोल पंप पर अपनी गाड़ी में 5 लीटर पेट्रोल भरवा रहे हैं तो सावधान हो जाइए। पाली जिले में विधिक माप विज्ञान विभाग की औचक जांच में पेट्रोल की निर्धारित मात्रा से कम डिलीवरी देने का मामला सामने आया है। जांच के दौरान एक पेट्रोल पंप का नोजल प्रति 5 लीटर में 30 मिलीलीटर पेट्रोल कम देता मिला। विभागीय टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित नोजल को सीज कर दिया और पेट्रोल पंप संचालक पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।

उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और पेट्रोल पंपों पर सही माप-तौल सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष जांच अभियान चलाया गया। विधिक माप विज्ञान विभाग की टीम ने विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 के तहत पाली जिले के सोजत, रोहट और पाली शहर में कुल 10 पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने पेट्रोल पंपों पर लगे नोजल से पेट्रोल की वास्तविक डिलीवरी की जांच की। इस दौरान 10 में से 9 पेट्रोल पंपों पर नोजल की डिलीवरी निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पाई गई। हालांकि, एक पेट्रोल पंप पर एक पेट्रोल नोजल से प्रति 5 लीटर में 30 मिलीलीटर पेट्रोल कम दिया जा रहा था।

इस गड़बड़ी को गंभीरता से लेते हुए जांच दल ने संबंधित नोजल को सीज कर दिया। साथ ही पेट्रोल पंप संचालक पर 10 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया।

जांच अभियान के दौरान दो अन्य पेट्रोल पंपों पर बॉटल पाइप में लीकेज की समस्या भी सामने आई। विभागीय अधिकारियों ने संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों को खामी दूर करने के लिए नोटिस जारी किए।

इसके अलावा एक पेट्रोल पंप पर कैलिब्रेशन प्रमाण-पत्र प्रदर्शित नहीं करने का मामला सामने आया। इस पर विभाग की ओर से 1 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया गया।

औचक निरीक्षण अभियान में विधिक माप विज्ञान अधिकारी जोधपुर रामचन्द्र त्रिपाठी एवं विधिक माप विज्ञान अधिकारी डीडवाना-कुचामन महिपाल सिंह राठौड़ शामिल रहे। टीम ने पेट्रोल पंपों पर माप-तौल व्यवस्था की जांच कर अनियमितताएं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की।

विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि आगामी दिनों में पूरे राजस्थान में पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। इसका उद्देश्य पेट्रोल-डीजल खरीदने वाले उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में ईंधन उपलब्ध करवाना और माप-तौल में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर रोक लगाना है। विभाग ने साफ किया कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button