
पाली : शहर के श्री रघुनाथ स्मृति भवन में चल रहे चातुर्मास कार्यक्रम के तहत मंगलवार को धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह आधे घंटे तक नवकार मंत्र के जाप से हुई। इसके बाद डॉ. वरुण मुनि ने प्रवचन के माध्यम से गुरु के प्रति श्रद्धा, माता-पिता की सेवा, जीवन में संयम और सकारात्मक सोच का महत्व बताया। साध्वी प्रीति सुधा ने नवकार महामंत्र की महिमा समझाई, वहीं गुरुदेव सुकन मुनि ने भी नवकार मंत्र का जाप करवाया।
प्रवचन में डॉ. वरुण मुनि ने कहा कि गुरु के प्रति हमारा भाव श्रद्धा और समर्पण का होना चाहिए। गुरु को मित्र, भगवान या मार्गदर्शक किसी भी रूप में मानें, लेकिन उनकी बातों और सीख का पालन अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्ति में सामर्थ्य है तो उसे अपने दम पर कार्य करना चाहिए। माता-पिता की संपत्ति के भरोसे रहने के बजाय स्वयं मेहनत कर अपनी पहचान बनानी चाहिए। वास्तविक संतान वही है, जो अपने परिश्रम से अपना साम्राज्य खड़ा करे।

उन्होंने माता-पिता की सेवा को जीवन का सबसे बड़ा धर्म बताते हुए कहा कि जब माता-पिता बीमार हों तो अन्य सभी काम छोड़कर उनकी सेवा में लग जाना चाहिए। मोबाइल और दूसरे कामों को किनारे रखकर उन्हें समय देना चाहिए। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के बीमार होने पर 15 दिनों तक किसी को फोन नहीं करने का स्टेटस लगाया और बिना किसी व्यवधान के उनकी सेवा की। आज के समय में ऐसी भावना और समर्पण की जरूरत है।
डॉ. मुनि ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ छोटी-छोटी बातों को छोड़ना और मन को शांत रखना सीखना चाहिए। रात को अच्छी नींद लेने का प्रयास करें, मोबाइल से दूरी बनाएं और प्रभु का स्मरण करें। इससे जीवन सार्थक बन सकता है। उन्होंने 99 बार असफल होने के बाद भी 100वीं बार सफलता पाने का उदाहरण देते हुए कहा कि जीवन में धैर्य और सकारात्मकता बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने गुस्से को छोड़ने और शांत स्वभाव अपनाने की सीख देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति आप पर क्रोध करता है तो आप शांत रहकर उसे भी शांत कर सकते हैं। जीवन में कुछ अच्छा पाने के लिए क्रोध का त्याग करना आवश्यक है। चातुर्मास के शेष दिनों में अधिक से अधिक उपवास और साधना कर अपने जीवन को सफल बनाने का प्रयास करना चाहिए।
इससे पूर्व साध्वी प्रीति सुधा ने अपनी गुरु भगवती के प्रति नमन करते हुए कहा कि गुरु ही जीवन के शिल्पकार होते हैं। उन्होंने नवकार महामंत्र की महिमा बताते हुए कहा कि लौकिक जीवन में भी यह मंत्र कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। अन्य मंत्रों की तरह नवकार मंत्र का कोई एक देवता नहीं है। इसे आधा या पूरा, जितना भी श्रद्धा से पढ़ा जाए, इसका विशेष महत्व है। नवकार महामंत्र का जाप जीवन को सही दिशा देने और आत्मकल्याण का मार्ग दिखाने वाला है।

उन्होंने कहा कि चातुर्मास के दौरान महापुरुषों की जन्म जयंती और पुण्यतिथियां मनाकर उनके जीवन और आदर्शों को याद किया जाता है। उनके त्याग, तपस्या, संयम और वाणी को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सभी श्रावक-श्राविकाओं से आगामी दिन महासती मरुधरा सिंहनी पेज कंवर जी महाराज की जन्म जयंती के अवसर पर सामायिक करने और कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में गुरुदेव सुकन मुनि ने महामंत्र नवकार का जाप करवाया। उन्होंने कहा कि नवकार मंत्र का स्मरण करने से प्राणी मात्र का कल्याण होता है और यह संसार रूपी सागर से पार उतरने का मार्ग दिखाता है। चातुर्मास के दौरान तपस्या करने वाले सभी श्रावक-श्राविकाओं का आभार जताया गया।
इस अवसर पर 51 दिन की तपस्या करने वाले तेजराज जी बोहरा को गुरुदेव ने आशीर्वाद प्रदान किया। संघ की ओर से मंत्री प्रकाश कटारिया ने तपस्वी का अभिनंदन किया। संपत राज तारटेड और इंदरचंद कोठारी ने तेजराज बोहरा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही सूरत, रायपुर, मुंबई सहित विभिन्न स्थानों से आए मेहमानों का भी संघ की ओर से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लेकर धर्म, साधना और तपस्या का लाभ लिया।



