google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में मतदाता सूची सुधार अभियान तेज, 327 आवेदन पहुंचे, नाम-पते में संशोधन के लिए सबसे ज्यादा आवेदन

पाली : विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूचियों को अधिक सटीक एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत कवायद तेज कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को ईआरओ कार्यालय पाली में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूचियों के शुद्धीकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में संशोधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत पात्र युवाओं एवं नए मतदाताओं का अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने के साथ मतदाता सूचियों को त्रुटिरहित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण करने और मतदाता सूची में आवश्यक सुधार करने की प्रक्रिया जारी है।

बैठक में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार पाली सुनील कुमार ने प्राप्त आवेदनों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि कार्यालय में विभिन्न श्रेणियों के कुल 327 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें सबसे अधिक आवेदन मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन अथवा स्थानांतरण से संबंधित हैं।

प्राप्त आवेदनों का विवरण इस प्रकार है:
फॉर्म संख्या-6 : नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए 90 आवेदन।
फॉर्म संख्या-7 : मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए 11 आवेदन।
फॉर्म संख्या-8 : नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन तथा स्थानांतरण के लिए 226 आवेदन।

इस तरह कुल 327 आवेदनों में से 226 आवेदन फॉर्म-8 के प्राप्त हुए हैं, जो कुल आवेदनों का सबसे बड़ा हिस्सा है। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों की जांच एवं नियमानुसार निस्तारण को लेकर भी चर्चा की।

बैठक में उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं एवं नए मतदाताओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित नहीं रहे।

उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम एवं व्यक्तिगत विवरण अवश्य जांच लें। यदि नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन अथवा स्थानांतरण की आवश्यकता हो तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन प्रस्तुत करें।

इस अवसर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रफीक चौहान, राम किशोर साबू, दलजीत सिंह, रमेश परमार, माणकलाल, ओमाराम बंजारा, अशोक गिरी, सुरेश व्यास, ललित दवे, अनिल नामा एवं विक्रम सिंह परिहार सहित अन्य उपस्थित रहे।

बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button