पाली में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम सख्त, रोजाना 4 घंटे चलेगा विशेष सफाई अभियान, लापरवाही पर लगेगा जुर्माना

पाली : शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर अब नगर निगम प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से महापौर नमिता विकास बुबकिया एवं नगर निगम आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने सफाई निरीक्षकों और संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए कड़े निर्देश जारी किए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि शहर की सफाई में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई के साथ कचरे का समय पर उठाव सुनिश्चित करना होगा।
बैठक में महापौर ने नागरिकों और दुकानदारों से शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिए कि लोगों को निर्धारित कचरा स्टैंड पर कचरा डालने के बजाय सीधे कचरा संग्रहण वाहन में कचरा डालने के लिए जागरूक किया जाए। इसके लिए अर्बन वेस्ट मैनेजमेंट की जनजागरूकता टीम को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।
महापौर ने कहा कि लोगों को पहले समझाइश देकर स्वच्छता के नियमों का पालन करवाया जाए। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति या दुकानदार नियमों की अनदेखी करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार पेनल्टी लगाने की कार्रवाई की जाए।
शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बैठक में प्रतिदिन विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। महापौर एवं आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोजाना दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, सफाई निरीक्षकों और जमादारों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जमा कचरे के ढेर, खाली भूखंडों और सार्वजनिक स्थानों की विशेष रूप से सफाई करवाई जाएगी। जहां अधिक कचरा जमा है, वहां आवश्यकता के अनुसार जेसीबी, ट्रैक्टर, टैक्सी और अन्य संसाधनों का उपयोग किया जाएगा, ताकि सफाई कार्य को तेजी से पूरा किया जा सके।
बैठक में सफाई कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। महापौर और आयुक्त ने कर्मचारियों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड लागू करने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक कर्मचारी की कार्यस्थल पर जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सफाई कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी कर्मचारी निर्धारित क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी के अनुसार कार्य करें। वार्डों में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी भी की जाएगी।
बैठक में अधिशाषी अभियंता कलीम अख्तर, स्वास्थ्य अधिकारी लोकेश जैन, दिलीप जावा सहित सफाई निरीक्षक कालूराम, राकेश आदिवाल, गोपाल आदिवाल, अनिल आदिवाल, विनोद आदिवाल, रवि आदित्य, कानाराम, लक्ष्मण कुमार, अशोक डुलगच, चम्पालाल हंस, देवाराम ढंजा सहित अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में महापौर नमिता विकास बुबकिया ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम के साथ आमजन की सहभागिता भी जरूरी है। नियमित सफाई, कचरे का उचित निस्तारण और नियमों की पालना से ही पाली को स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर बनाया जा सकता है।



