
पाली : शहर के श्री रघुनाथ स्मृति भवन में गुरुदेव प्रवर्तक सुकन मुनि के सानिध्य में चल रहे चातुर्मास के समापन के दिन अब नजदीक आ रहे हैं। चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन धर्मसभा में श्रद्धालुओं को धर्म, अध्यात्म और जीवन के मूल सिद्धांतों से जुड़ी महत्वपूर्ण सीख दी जा रही है। शुक्रवार को आयोजित प्रवचन में डॉ. वरुण मुनि ने कर्मों की महत्ता बताते हुए कहा कि मनुष्य संसार में कहीं भी चला जाए, लेकिन उसके कर्म कभी उसका पीछा नहीं छोड़ते। व्यक्ति को अपने प्रत्येक कर्म का फल भुगतना ही पड़ता है।
डॉ. वरुण मुनि ने कहा कि कर्म का सिद्धांत ऐसा है, जिसे सभी धर्मों ने स्वीकार किया है। मनुष्य जैसा कर्म करता है, उसे वैसा ही फल प्राप्त होता है। यदि कोई व्यक्ति बबूल का बीज बोता है तो उससे आम के फल की उम्मीद नहीं कर सकता। इसी प्रकार गलत कर्म करके अच्छे परिणामों की अपेक्षा करना उचित नहीं है। व्यक्ति थोड़े से कर्म करके बहुत अधिक फल की इच्छा रखता है, लेकिन जब तक कर्मों का भोग पूरा नहीं होता और उनका हिसाब नहीं चुकता, तब तक मोक्ष की प्राप्ति संभव नहीं है।

प्रवचन में उन्होंने भगवान महावीर के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान महावीर ने अपने जीवन में अत्यंत श्रेष्ठ कर्म किए, इसके बावजूद उन्हें भी कर्मों के परिणामों से गुजरना पड़ा। इससे स्पष्ट होता है कि कर्म का विधान कितना प्रभावशाली है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपने जीवन में बनने-बिगड़ने वाले रिश्तों के लिए केवल दूसरों को जिम्मेदार नहीं मानना चाहिए। कई बार रिश्तों के पीछे भी पूर्व कर्मों का हिसाब जुड़ा होता है। संसार में सभी रिश्ते किसी न किसी कर्म के हिसाब से जुड़े होते हैं।
उन्होंने कहा कि अमीरी-गरीबी, ऊंच-नीच और गोरे-काले जैसे भेद भी कर्मों के परिणाम से जुड़े माने गए हैं। आज के समय में भी अनेक उदाहरण देखने को मिलते हैं, जहां व्यक्ति को अपने कर्मों का फल इसी जन्म में मिल रहा है। कई बार बीमारी और जीवन की परेशानियां भी कर्मों के उदय से जुड़ी होती हैं।
डॉ. वरुण मुनि ने श्रद्धालुओं को सावधान करते हुए कहा कि मनुष्य को हमेशा अपने कर्मों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। व्यक्ति चाहे उजाले में कर्म करे या अंधेरे में, उसे अपने कर्मों का पाई-पाई का हिसाब चुकाना पड़ता है। इसलिए कोई भी कार्य करते समय विवेक रखना और अपने भावों को शुद्ध बनाए रखना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जीवन में ऐसे पुण्य कर्म करके जाने चाहिए, जो आगे भी सुरक्षा और कल्याण का आधार बन सकें। मनुष्य को अपने व्यवहार, विचार और कार्यों में संयम रखना चाहिए, क्योंकि कर्म ही जीवन की दिशा और भविष्य का निर्धारण करते हैं।

धर्मसभा में प्रवचन के पश्चात गुरुदेव अमृत मुनि ने उपवास एवं तपस्या करने वाले श्रद्धालुओं को पचकान दिलाया। इस दौरान धर्म आराधना और तपस्या के महत्व पर भी जोर दिया गया।
मंत्री प्रकाश कटारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को जैन दिवाकर चौथमल जी महाराज की जयंती के अवसर पर श्रद्धालुओं से उपवास करने और तीन-तीन सामायिक रखने का आह्वान किया गया है।
प्रवचन सभा में बेंगलुरु से पधारे महावीर चंद गुगलिया एवं बाबूलाल सोनी का स्वागत अध्यक्ष पदमचंद ललवाणी ने किया। वहीं वेंकट कुमार सूर्यवंशी का स्वागत अमोलकजी सज्जनजी गुलेचा ने किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। एकाशना की प्रभावना परिवार की ओर से की जाएगी। धर्मसभा में गुरुदेव के सानिध्य और संतों के प्रवचनों से श्रद्धालुओं को धर्म, तप, त्याग और कर्म सिद्धांत के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिली।



