google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

मेड़ता सिटी में 6 दिसंबर को होगा रावणा राजपूत समाज का प्रदेश स्तरीय सम्मान समारोह, पाली में पोस्टर का विमोचन

पाली : रावणा राजपूत समाज की ओर से आगामी 6 दिसंबर को मेड़ता सिटी में प्रदेश स्तरीय नव निर्वाचित जनप्रतिनिधि प्रतिभा सम्मान एवं जुलूस समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को पाली में पोस्टर विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों ने आयोजन को भव्य स्वरूप देने और अधिक से अधिक समाजबंधुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सर्वोदय नगर स्थित जिला सभा भवन एवं सूर्या कॉलोनी स्थित समाज के छात्रावास भवन में समारोह के पोस्टर का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में समाज के मुख्य संरक्षक मूल सिंह भाटी, जिलाध्यक्ष परमेन्द्र सिंह परिहार एवं शहर अध्यक्ष एडवोकेट विक्रम सिंह भैंसाणा सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

समाज के मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार ने बताया कि मेड़ता सिटी में आयोजित होने वाले इस प्रदेश स्तरीय समारोह में हाल ही में संपन्न हुए नगरीय निकाय एवं पंचायती राज चुनावों में प्रदेशभर से विभिन्न पदों पर निर्वाचित हुए रावणा राजपूत समाज के जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया जाएगा।

समारोह के माध्यम से जनप्रतिनिधियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के साथ समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अलावा समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में समाजबंधुओं के शामिल होने की संभावना है।

समारोह को भव्य स्वरूप देने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में संपर्क एवं आमंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। समाज के पदाधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों की ओर से विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर समाजबंधुओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।

प्रदेश स्तरीय नव निर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह को लेकर आयोजन समिति के सदस्य पाली पहुंचे। आयोजनकर्ता नागौर जिलाध्यक्ष गणपत सिंह पड़ियार, पूर्व तहसील अध्यक्ष रूप सिंह उदावत, प्रताप सिंह गहलोत एवं बंशी सिंह उदावत ने समाज के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों से मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने समाजबंधुओं को पीले चावल देकर मेड़ता सिटी में आयोजित होने वाले समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इसके बाद समाज के मुख्य संरक्षक मूल सिंह भाटी, जिलाध्यक्ष परमेन्द्र सिंह परिहार एवं शहर अध्यक्ष एडवोकेट विक्रम सिंह भैंसाणा के आतिथ्य में समारोह के पोस्टर का विमोचन किया गया।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान मुख्य संरक्षक मूल सिंह भाटी एवं जिलाध्यक्ष परमेन्द्र सिंह परिहार ने कहा कि नगरीय निकाय एवं पंचायती राज चुनावों में समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों का निर्वाचित होना गौरव का विषय है। जनप्रतिनिधियों का सम्मान करना समाज की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता है। साथ ही सामाजिक एकता, संगठनात्मक मजबूती और आपसी भाईचारे को बढ़ावा मिलता है। समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी समन्वय और सहयोग की भावना को मजबूत करना भी ऐसे आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

आयोजन समिति की ओर से प्रदेशभर के समाजबंधुओं से 6 दिसंबर को मेड़ता सिटी में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में शामिल होने की अपील की गई है। समारोह में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने रखा जाएगा।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में नरपत सिंह सोलंकी, केसर सिंह झाला, देवी सिंह, भगत सिंह, लाल सिंह, जब्बर सिंह देवल सहित समाज के अनेक गणमान्यजन एवं रावणा राजपूत समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button