पाली : 200 टीबी रोगियों को मिली पोषण किट, ‘निक्षय मित्र’ अभियान ने बढ़ाया हौसला

पाली : प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत पहल के तहत पाली में चल रहे सघन निक्षय पोषण किट वितरण अभियान के दौरान 200 उपचाराधीन टीबी रोगियों को पोषण सामग्री किट वितरित की गई। इस पहल में नायरा एनर्जी लिमिटेड ने रेडक्रॉस सोसायटी पाली के माध्यम से पाली शहर, पाली ग्रामीण व रोहट क्षेत्र के मरीजों तक पोषण किट पहुंचाई।

अभियान का उद्देश्य टीबी रोगियों को पौष्टिक आहार देकर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाना, उपचार परिणाम सुधारना और उन्हें सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव जिनेन्द्र जैन, उपाध्यक्ष मेघराज बम्ब, पूर्व अध्यक्ष डॉ. जे.पी. उदावत, नायरा एनर्जी के प्रबंध निदेशक सचिन, पंकज कुमार, पूर्णमा नीतू एवं जिला क्षय निवारण केन्द्र पाली के सभी कार्मिक मौजूद रहे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल ने आमजन, संस्थाओं और कॉरपोरेट सेक्टर से ‘निक्षय मित्र’ बनकर टीबी रोगियों को कम से कम 6 माह तक हर महीने पोषण किट उपलब्ध कराने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. उज़मा जबीन ने सभी अतिथियों, कार्मिकों व मरीजों का आभार व्यक्त किया।



