
पाली : श्रीमती गुमान बाई पन्नालाल भंसाली राजकीय कन्या महाविद्यालय, पाली में ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत शुक्रवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। महाविद्यालय की वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण समिति और राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने छायादार और औषधीय पौधे लगाए। पौधरोपण के साथ ही उपस्थित छात्राओं और स्टाफ ने नशा मुक्ति की शपथ लेकर समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी लिया।

प्राचार्य डॉ. विनीता कोका ने कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन का ही स्रोत नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी को पौधों की नियमित देखभाल और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शैक्षणिक-अशैक्षणिक कार्मिक व छात्राएं शामिल रहे और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।



