पाली : चौकी में फाइनेंस कंपनी मैनेजर की मौत का मामला, चौकी सील

पाली :औद्योगिक थाना क्षेत्र की मिलगेट पुलिस चौकी में पूछताछ के दौरान फाइनेंस कंपनी के मैनेजर की तबीयत बिगड़ने से हुई मौत के बाद शनिवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। घटना के बाद पुलिस ने चौकी को सील कर दिया है और चौकी पर पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया है।
मृतक की पहचान विक्रम सिंह पुत्र मदन सिंह (निवासी इंद्रा कॉलोनी, पाली) के रूप में हुई। वे जम्बो फिन वेस्ट इंडिया लिमिटेड में मैनेजर थे। 15 अगस्त को एक महिला के परिवाद पर उन्हें पूछताछ के लिए चौकी बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और उन्हें बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों और समाज में रोष
मृतक के परिजनों और समाजजनों ने आरोप लगाया कि लोन संबंधी विवाद के कारण उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और आर्थिक सहायता सहित कई मांगों को लेकर हॉस्पिटल से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली और एडीएम को ज्ञापन सौंपा।
चार सूत्रीय मांगें
परिवादी हनुमान सिंह की रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई हो। मृतक के परिवार के एक सदस्य को अनुकम्पा नियुक्ति दी जाए। राज्य सरकार मृतक के आश्रित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करे। घटना की न्यायिक जांच हो तथा मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जाए।
सहमति बनने के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हुए और शनिवार शाम को मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।



