जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव भाटी का पाली कारागृह निरीक्षण, बंदियों से की बातचीत

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) पाली के सचिव विक्रम सिंह भाटी ने गुरुवार को जिला कारागृह का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 96 बंदी निरूद्ध पाए गए।

सचिव भाटी ने बंदियों से भोजन, चिकित्सा, पेयजल और सफाई व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी और उन कैदियों की स्थिति जानी जिनकी जमानत हो चुकी है, लेकिन वे अभी भी कारागृह में निरुद्ध हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र का कोई भी व्यक्ति कारागृह में निरुद्ध न रहे। निरीक्षण के दौरान कारापाल जोराराम, जेल विजिटिंग लॉयर अल्ताफ हुसैन और विनीता प्रजापत भी मौजूद रहे।



