खांगड़ी में क्षत्रिय घांची समाज महासभा की आमसभा, मंदिर जीर्णोद्वार व सामूहिक विवाह को लेकर मंथन

पाली : श्रीसमस्त क्षत्रिय घांची समाज महासभा की आमसभा श्री चारभुजा मंदिर प्रांगण, खांगड़ी में महासभा अध्यक्ष आनंद सोलंकी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समाज के विकास, मंदिर जीर्णोद्वार, सामूहिक विवाह और शिक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
सभा में प्राचीन चारभुजा मंदिर जीर्णोद्वार को लेकर आगामी बैठक में सामूहिक निर्णय से रूपरेखा तैयार करने का सुझाव सामने आया। महासभा अध्यक्ष आनंद सोलंकी ने मंदिर जीर्णोद्वार के लिए संयोजक व समिति सदस्यों का चयन करने का प्रस्ताव रखा।
6 अप्रैल 2025 को रामनवमी मेले के समापन का आय-व्यय ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। इस दौरान चढ़ावे की सहयोग राशि समय पर जमा नहीं करवाने का मुद्दा भी समाज के समक्ष रखा गया। वार्षिक मेले से पूर्व मंदिर की धूप-दीप पूजा राशि 101 रुपए तय की गई।
सभी पारा-परगना उपाध्यक्षों को गांवों के मुखियाओं व चौधरियों से संपर्क कर राशि महासभा तक पहुंचाने का जिम्मा सौंपा गया।

सभा में बताया गया कि सुमेरपुर शिवगंज शिक्षा समिति द्वारा आयोजित प्रतिभावान छात्र-छात्रा सम्मान समारोह 13 सितम्बर 2025 को श्री काम्बेश्वर महादेव, काना कोलर में होगा। समिति अध्यक्ष जगदीश परिहार और टीम ने आमंत्रण पत्रिकाएं गांव-गांव पहुंचाकर समाजबंधुओं को आमंत्रित किया। आमसभा में समाज के आगामी सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई।
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष मंशाराम परमार ने समाज को एक सूत्र में बांधकर संगठन मजबूत करने और महासभा के नेतृत्व में समाज उत्थान के लिए सहयोग करने की बात कही। सभा में भंवरलाल परमार, जीवाराम परमार (बाली), खीमाराम परमार, एडवोकेट संजय गहलोत, थानाराम, पुखराज चौधरी, जीवाराम गहलोत, मोहन बोराणा, लादूराम भाटी, गणेशराम परिहार सहित कई पदाधिकारियों ने समाज के विभिन्न मुद्दे उठाए।
इस अवसर पर नव नियुक्त खांगड़ी पारा अध्यक्ष खेताराम परिहारिया का स्वागत महासभा अध्यक्ष आनंद सोलंकी, सताविया पारा अध्यक्ष भंवरलाल परमार व सचिव प्रभुराम राठौड़ ने माला पहनाकर किया। सभा में कन्हैयालाल पंवार, पोकरराम परमार, कालूराम पंवार (पाली), रमेश राठौड़, नेनमल बोराणा, कुंदनमल परमार, राजाराम परिहार, पदमाराम सोलंकी, सुरेश परमार, हीराराम सोलंकी सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। अंत में महासभा अध्यक्ष आनंद सोलंकी ने सभी का आभार व्यक्त किया।



