पाली : कांग्रेस सेवादल का संगठन सर्जन शिविर, 13 से 15 सितंबर तक 500 कार्यकर्ता होंगे शामिल

पाली : अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के निर्देश पर पाली जिले में बड़ा संगठनात्मक कार्यक्रम होने जा रहा है। जिले का संगठन सर्जन आवासीय प्रशिक्षण शिविर आगामी 13 से 15 सितंबर तक देसूरी के श्री सोनाणा खेतलाजी में आयोजित होगा। इस शिविर में जिलेभर से लगभग 500 सेवादल कार्यकर्ता भाग लेंगे।
जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष प्रकाश चौधरी ने बताया कि शिविर का उद्घाटन 13 सितंबर सुबह 8 बजे होगा और समापन 15 सितंबर को होगा। इसमें राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रशिक्षक विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। साथ ही प्रोफेसर और विशेषज्ञ भी शिविर में संबोधित करेंगे।
इस बड़े आयोजन में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस सेवादल राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, राज्यसभा सांसद नीरज डांगी, पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, पूर्व राज्यमंत्री व पाली लोकसभा प्रत्याशी संगीता बेनीवाल, प्रदेश सेवादल अध्यक्ष हेम सिंह शेखावत, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन हटेला, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजीज दर्द सहित विधायक, पूर्व विधायक और प्रदेश व जिले के वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम को लेकर सेवादल कार्यकर्ताओं में उत्साह है और इसे जिले की राजनीति में एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।



