
पाली : सोशल मीडिया की दोस्ती एक विवाहिता के लिए दु:स्वप्न बन गई। इंस्टाग्राम पर बने संबंधों के चलते महिला को पहले ब्लैकमेल किया गया और फिर दुष्कर्म का शिकार होना पड़ा। पीड़िता के साहस और पति के सहयोग से मामला अब पुलिस तक पहुंच चुका है।
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, 27 वर्षीय विवाहिता ने रिपोर्ट दी कि वह दो बच्चों की मां है। इंस्टाग्राम पर सांचौर क्षेत्र निवासी जगदीश नामक युवक ने उससे संपर्क किया और दोस्ती के बहाने नजदीकियां बढ़ाने लगा। आरोप है कि युवक ने उसके सोशल मीडिया अकाउंट से फोटो लेकर उन्हें एडिट कर अश्लील तस्वीरें बना लीं और धमकी दी कि अगर वह नहीं मिली तो वह तस्वीरें वायरल कर देगा।
रिपोर्ट में बताया गया कि विवाहिता के पाली शिफ्ट होने के बाद आरोपी 10 जुलाई 2025 को उसके घर पहुंचा। वहां फोटो डिलीट करने के बहाने से घुसा और चाकू दिखाकर जबरन दुष्कर्म किया। यही नहीं, उसने नए अश्लील फोटो भी ले लिए और धमकाया कि किसी को बताया तो सोशल मीडिया पर बदनाम कर देगा।
पीड़िता के मुताबिक, 15 अगस्त 2025 को आरोपी फिर उसके घर आया और उसकी इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाए। धमकियों और डर के चलते वह चुप रही, लेकिन आखिरकार 31 अगस्त को उसने अपने पति को पूरी बात बताई। पति के सहयोग से पीड़िता ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शुक्रवार को पीड़िता का मेडिकल पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में करवाया गया।



