google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : जिला स्तरीय समीक्षा बैठक, अतिवृष्टि से हुए नुकसान का आकलन, राहत कार्यों की प्रगति की समीक्षा व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए

पाली : अल्पसंख्यक मामलात विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव व जिला प्रभारी सचिव अश्विनी भगत के नेतृत्व में रविवार को जिला कलक्टर कार्यालय में एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अतिवृष्टि के कारण हुए व्यापक नुकसान, आपदा राहत कार्यों की स्थिति, मानसून के बाद के हालात तथा आगामी राहत एवं पुनर्वास कार्यों पर गंभीरता से चर्चा की गई।

भगत ने जिले के उपखंड, तहसील व ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में अतिवृष्टि से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को गिरदावरी की स्थिति, सड़कों की मरम्मत, फसल खराबी, जन धन व पशु हानि के आकलन हेतु त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। साथ ही, प्रभावित सार्वजनिक परिसम्पत्तियों की मरम्मत के लिए नए सर्वे कराने के आदेश दिए गए ताकि राज्य सरकार को शीघ्र प्रस्ताव भेजे जा सकें।

प्रभारी सचिव ने पीएचईडी विभाग को पानी टंकियों की सफाई व शुद्धिकरण के कार्य में तेजी लाने, विद्युत विभाग को टूटे पोल व ट्रांसफार्मर की मरम्मत के निर्देश दिये। चिकित्सा विभाग को मानसून से उत्पन्न मौसमी बीमारियों से निपटने हेतु विशेष सतर्कता बरतने और आयल बैल्स का छिड़काव करने के निर्देश दिए।

बैठक में विशेष रूप से यह निर्णय लिया गया कि आगामी “गांव चलो शहर चलो अभियान” में आमजन को विभिन्न विभागों के माध्यम से लाभान्वित करने की पूरी तैयारी की जाए। पशुपालन विभाग को लंपी रोग व पशु हानि की स्थिति पर त्वरित रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश भी दिया गया।

अति जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह ने जिलास्तरीय जलभराव आपदा राहत कार्य, प्राथमिक राहत केन्द्रों में भोजन, पेयजल व आश्रय की उपलब्धता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही राइजिंग राजस्थान, पंच गौरव योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ बजरंग सिंह, आईएएस बिरजू गोपाल, जिला पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धू, यूआईटी सचिव डॉ पूजा सक्सेना, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, अतिरिक्त मुख्यकार्यकारी अधिकारी जिला परिषद महेन्द्र मेहता, सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल, विशाल सीपा सहित समस्त उपखंड अधिकारी व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button