पाली : किशोर स्वास्थ्य और माहवारी स्वच्छता पर विशेष जागरूकता अभियान

पाली : जिला प्रशासन और महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में, उपनिदेशक भागीरथ चौधरी के निर्देशन में मंगलवार को सरदार समंद रोड, पाली में दस दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के तहत राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जेंडर स्पेशलिस्ट राजश्री ने किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना 7 जनवरी 2014 से शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य किशोरों को स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी सही जानकारी देकर उन्हें जिम्मेदार निर्णय लेने के योग्य बनाना है।

कार्यक्रम में किशोरी बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता और एनीमिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वीडियो और खेल के माध्यम से कालीबाई भील उड़ान योजना की जानकारी साझा की गई। वक्ताओं ने कहा कि माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता प्रबंधन महिलाओं और किशोरियों के सशक्तिकरण के लिए बेहद जरूरी है।
इसके साथ ही बालिकाओं को बाल यौन शोषण, बाल विवाह के दुष्परिणाम और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी अवगत कराया गया, जिनमें चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। कार्यक्रम में कृष्णा कंप्यूटर इंस्टिट्यूट, सोसायटी नगर, सरदार समंद रोड, पाली ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और अपने विचार साझा किए।




