पाली : 69वीं जिला स्तरीय विद्यालय वूशु व ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य उद्घाटन

पाली : सोजत ब्लॉक के ग्राम झूपेलाव में जिले के विद्यार्थियों के खेल कौशल को निखारने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित 69वीं जिला स्तरीय विद्यालय वूशु एवं ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य उद्घाटन आज बड़े उत्साह व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं केबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण दवे रहे। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) पाली राहुल राजपुरोहित की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ ग्राम सरपंच योगेन्द्र सिंह कुम्पावत एवं आयोजक संस्था प्रधान पद्म सिंह सांदू (राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय झूपेलाव) द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर और सरस्वती वंदना से किया गया।

प्रतियोगिता में पाली जिले के विभिन्न स्कूलों से कुल 242 प्रतिभागी छात्र-छात्राएं (17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग) ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में युवा प्रतिभागियों ने वूशु एवं ताइक्वांडो के विभिन्न प्रकार के मुकाबलों में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर ग्राम वासियों ने तन-मन-धन से बढ़-चढ़कर सहयोग प्रदान किया। आयोजकों के उत्कृष्ट प्रबंधन व ग्रामवासियों की सहयोग भावना को जिला स्तरीय अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से सराहा। आयोजन स्थल की सजावट, खिलाड़ियों का स्वागत, चिकित्सा व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था व सुरक्षा प्रबंध अत्यंत कुशलता से किए गए।
कार्यक्रम के दौरान खेलों के महत्व पर बल देते हुए मुख्य अतिथि लक्ष्मी नारायण दवे ने कहा, जज़्बा हो दिल में तो मंज़िलें खुद चलकर आएँगी। मेहनत और अनुशासन से हर युवा अपने सपनों को साकार कर सकता है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं में न केवल खेल भावना बल्कि आपसी सहयोग और देशभक्ति की भावना भी विकसित करते हैं।

इस मौके पर विधायक शोभा चौहान, गजेंद्र सिंह, गोपाल सिंह, रूप सिंह, नरपत सिंह, जालम सिंह, कालू सिंह, जसपाल सिंह, सुमन लोहिया, पप्पू सिंह, विक्रम सिंह, बुद्धा राम प्रजापत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हीर सिंह राजपुरोहित ने प्रभावशाली ढंग से किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य खेलों के माध्यम से युवा वर्ग को मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना बताया गया। प्रतियोगिता में भागीदार बच्चों ने अनुशासन, संघर्ष और सहयोग के मूल्य को अपने प्रदर्शन के माध्यम से दर्शाया।
आयोजन स्थल पर उमड़ा भारी जनसमूह, जो आयोजन को प्रेरणादायी बनाने के साथ-साथ आने वाले वर्षों में जिले में खेलों के विकास की दिशा में नई उम्मीदें जगाने वाला रहा। आयोजकों ने इसे निरंतरता देने का संकल्प लिया ताकि पाली क्षेत्र में खेलकूद को और अधिक प्रोत्साहित किया जा सके।




