जेंडर स्पेशलिस्ट व एसबीआई अधिकारी ने दी महत्वपूर्ण जानकारियाँ, छात्राओं ने भेदभाव व सुरक्षा पर किया संवाद

पाली : महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार एवं महिला अधिकारिता विभाग राजस्थान के निर्देशानुसार चल रहे मिशन शक्ति संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन के तहत प्रदेशभर में विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज राजकीय महाविद्यालय, रोहट में 10 दिवसीय अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनती एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ।
कार्यशाला का आयोजन रानी लक्ष्मीबाई केंद्र एवं महिला नीति समिति के संयुक्त प्रयास से किया गया। भागीरथ उपनिदेशक महिला अधिकारिता के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसमें जेंडर स्पेशलिस्ट राजश्री ने छात्राओं को महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’, ‘राजकॉप एप्लीकेशन’, ‘विजयलक्ष्मी पोर्टल’, महिला सुरक्षा सलाह केंद्र, लाडो प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री उद्यम प्रोत्साहन योजना, पालनहार योजना, कालीबाई भील उड़ान योजना, शिक्षा सेतु योजना सहित अनेक लाभकारी योजनाओं का विस्तार से परिचय कराया।

एसबीआई अधिकारी दीपक गहलोत ने छात्राओं को कार्डियक अरेस्ट, डूबने व करेंट लगने जैसी आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार (CPR) देने का प्रशिक्षण प्रदान किया। साथ ही बैंकिंग प्रॉडक्ट्स, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के उपाय भी समझाए गए। महिला नीति समिति प्रभारी डॉली मेहता ने युवतीओं को प्रेरित किया कि वे जीवन में हर दिन कुछ नया सीखें और आत्मनिर्भर बनें। कार्यक्रम में शारीरिक स्वच्छता, पोषण, माहवारी स्वच्छता एवं प्रबंधन जैसे अत्यंत आवश्यक पहलुओं पर गहराई से प्रकाश डाला गया। छात्राओं ने भी अपनी अनुभव साझा की और लिंग आधारित भेदभाव पर खुलकर संवाद किया।
कार्यक्रम का समापन संरक्षिका प्राचार्या डॉ मणिमाला शर्मा द्वारा जेंडर स्पेशलिस्ट राजश्री व एसबीआई अधिकारी दीपक गहलोत को सम्मानित कर किया गया। इस अवसर पर करीब 50 छात्राएं व संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
यह कार्यशाला छात्राओं में सशक्तिकरण की भावना को जागृत करने, आत्मरक्षा व सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में एक मील का पत्थर साबित होगी। अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी इसी तरह के कार्यक्रम जिले में आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक छात्रा स्वयं के अधिकार व सुरक्षा के प्रति सजग बनी रहे।



