जाडन ग्राम पंचायत में समाजसेवी रमेश बंजारा के नेतृत्व में आयोजित विशाल रक्तदान अभियान में 71 यूनिट ब्लड दान

पाली : गरीब, असहाय व बीमार मरीजों की जीवन रक्षा के संकल्प के तहत मानवता सेवार्थ अभियान के तहत पाली के समीप जाडन ग्राम पंचायत में हनुमान मंदिर बजरंग चौराहा पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस पुण्य कार्य का नेतृत्व समाजसेवी रमेश सोहनलाल बंजारा ने किया, जिन्होंने मानव सेवा के उद्देश्य से इस आयोजन को सफल बनाया।
रमेश बंजारा ने बताया कि अक्सर अस्पतालों में मरीजों को समय पर ब्लड न मिलने के कारण उनकी जान को खतरा उत्पन्न हो जाता है। इसी गंभीर समस्या का समाधान करते हुए इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया ताकि समय पर आवश्यकता में ब्लड उपलब्ध कराकर जीवन बचाने में मदद मिल सके। शिविर में स्थानीय ग्रामीणों व समाजसेवी साथियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 71 यूनिट रक्तदान कर मानवता की अनमोल सेवा की।
शिविर में चिकित्सा विभाग की टीम ने सभी रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच कर सुरक्षित रक्तदान सुनिश्चित किया। साथ ही रक्तदान के बाद सभी को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए गए। समाजसेवी रमेश बंजारा ने बताया कि वे पूर्व में भी कई बार रक्तदान शिविर का सफल आयोजन कर चुके हैं और जरूरत पड़ने पर स्वयं भी रक्तदान कर लोगों की सेवा में जुटे रहते हैं। इस बार के शिविर में राज बोहरा, देवाराम देवासी, ओम प्रकाश, ललित पुरी, मुकेश दायमा, पारस मल प्रजापत सहित ग्रामवासियों ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
समाज में सहानुभूति, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने वाले इस प्रयास को ग्रामीणों व स्थानीय प्रशासन ने भी सराहा। अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी टीम ने समर्पण के साथ कार्य किया।
इस रक्तदान शिविर ने साबित कर दिया कि समाज के हर व्यक्ति में मानवता की भावना और सेवा का जज्बा है, जो जरूरतमंदों के जीवन को बचाने के लिए हर परिस्थिति में आगे आता है। आने वाले समय में भी इस तरह के सामाजिक अभियान निरंतर चलाए जाएंगे ताकि समाज के कमजोर वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिलती रहे।



