पाली : जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी और पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित, बच्चों ने प्रस्तुत की खनिज संरक्षण व समृद्धि की महत्वपूर्ण अवधारणाएं

पाली : प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना की 10वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पाली जिले में सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला परिषद सभागार पाली में जिला खनिज फाउंडेशन अध्यक्ष एलएन मंत्री की अध्यक्षता में विशेष प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसका उद्देश्य खनिज संसाधनों के संरक्षण और उपयोग पर युवाओं में जागरूकता फैलाना था।
प्रतियोगिताओं में हुआ जोरदार मुकाबला
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पाली जिले के विभिन्न स्कूलों की 12 टीमों ने भाग लिया। जिला कलेक्टर एलएन मंत्री द्वारा खनिज के प्रकार, खनिज प्राप्ति स्थल, उपयोग तथा उनसे जुड़े कानूनी पहलुओं पर महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सही उत्तर देकर खनिज संरक्षण एवं उपयोग के महत्व को उजागर किया।

वहीं, पोस्टर प्रतियोगिता में बालक-बालिकाओं ने “मेरा खनिज मेरी धरती: संरक्षण और समृद्धि” विषय पर रचनात्मक पोस्टर बनाए। इस प्रतियोगिता में 20 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रस्तुत चित्रों में खनिज संरक्षण के साथ-साथ इसके सतत उपयोग व पर्यावरण संतुलन के संदेश को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया गया।
विजेताओं की घोषणा और पुरस्कार वितरण
निर्णायक मंडल द्वारा चयनित प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को जिला कलेक्टर एलएन मंत्री ने सम्मानित किया।
• पोस्टर प्रतियोगिता में:
– प्रथम स्थान पर महात्मा गांधी सरकारी स्कूल के उत्तम ने हासिल किया।
– द्वितीय स्थान प्राप्त किया पीएम श्री सेठ मुकदचंद बालिया राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रतीक्षा ने।
– तृतीय स्थान प्राप्त किया श्रीमती चीमाबाई संचेती राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मिल गेट एरिया पाली के कपिल ने।
• प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में:
– प्रथम स्थान बांगड़ स्कूल ने 55 अंक प्राप्त कर प्राप्त किया।
– द्वितीय स्थान सुल्तान स्कूल ने 50 अंक प्राप्त किया।
– तृतीय स्थान बलिया स्कूल ने 35 अंक अर्जित किया।

जनहित और जागरूकता का सशक्त संदेश
जिला कलेक्टर एलएन मंत्री ने बालकों को संबोधित करते हुए बताया कि जमीन का मालिकाना हक केवल सतह पर नहीं अपितु एक मीटर नीचे तक सरकार का होता है। बिना सरकार की अनुमति के खनिज निकालना अवैध है। उन्होंने बच्चों को समझाया कि खनिज क्षेत्र का समुचित संरक्षण राष्ट्रीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं जिला खनिज फाउंडेशन सचिव मुकेश चौधरी, महिला अधिकारिता विभाग के भागीरथ चौधरी, कोषाधिकारी राकेश गोयल एवं अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी महेन्द्र मेहता समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे। यह आयोजन खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के तहत न केवल खनिज संरक्षण का संदेश फैलाने में सफल रहा, बल्कि युवा पीढ़ी को देश की प्राकृतिक संपदा के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।




