
पाली : जिले के दीप विद्या आश्रम जालोरी दरवाजा ने इस वर्ष 69वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता वूशु / ताइक्वांडो (17 वर्ष एवं 19 वर्ष छात्र–छात्रा वर्ग) में पहली बार भाग लेकर सेकेंड स्थान हासिल कर ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की है। यह सफलता बच्चों के आत्मविश्वास, परिश्रम और अनुशासन का प्रतिफल है, जो आने वाले समय में अन्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।
प्रतियोगिता में दीप विद्या आश्रम की दस छात्राओं और तीन छात्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल आठ पदक (चार गोल्ड, चार सिल्वर, दो कांस्य) अपने नाम किए। छात्रा वर्ग में चार गोल्ड मेडल विजेता छात्राओं ने सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और दृढ़ संकल्प से साबित कर दिया कि बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

गोल्ड मेडल विजेता छात्राएँ:मिसब्बाह हुसैन, इक्तशाम खान, आयशा, अलीना
सिल्वर मेडल विजेता छात्राएँ: आशमा, आश्मा अंसारी
कांस्य पदक विजेता छात्राएँ: साक्षी बारुपाल, फरहा अंसारी
छात्र वर्ग में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया गया। दो सिल्वर मेडल जीतकर मनन व लोकेश ने विद्यालय का मान बढ़ाया।
सिल्वर मेडल विजेता छात्र: मनन, लोकेश

कार्यक्रम के मुख्य प्रेरक एवं कोच, पाली जिला वूशु सचिव व मुख्य प्रशिक्षक मोहम्मद आसिफ जी का कहना है कि खेल केवल जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि खुद को निखारने और अनुशासन, धैर्य व टीम भावना विकसित करने का अवसर है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से खेल भावना का अनुकरणीय उदाहरण पेश किया।
जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने इस उपलब्धि पर दीप विद्या आश्रम के बच्चों व प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पाली जिले में खेलों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे प्रेरक उदाहरणों की आवश्यकता है। जिला कलेक्टर ने आगामी 17 अगस्त 2025 को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय झूपेलाव सोजत प्रांगण में आयोजित मेडल सेरेमनी में सभी विजेताओं को सम्मानित करने की घोषणा की।
इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं का अभिनंदन कर उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी जाएँगी। साथ ही यह कार्यक्रम खेलों के प्रति जागरूकता व सकारात्मक दृष्टिकोण फैलाने में सहायक साबित होगा।

कोच मोहम्मद आसिफ का संदेश:
“हर प्रयास महत्वपूर्ण है – पदक मिले या न मिले। खेल से मानसिक मजबूती, शारीरिक स्वास्थ्य व आत्मविश्वास बढ़ता है। अवसर मिलने पर प्रतिभा चमक उठती है। आइए, हम सब खेल को जीवन का हिस्सा बनाएं और हार से न डरें।” दीप विद्या आश्रम का यह शानदार प्रदर्शन पाली जिले में खेलों को बढ़ावा देने में नया अध्याय साबित होगा।




