पाली : स्पा संचालकों के बीच पैसों के विवाद से मारपीट, SC-ST एक्ट में आरोपी गिरफ्तार

पाली : शहर में दो स्पा संचालकों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद मारपीट और जातिगत गाली-गलौज तक पहुंच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए औद्योगिक थाना पुलिस ने SC-ST एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, शिवाजी नगर निवासी सुरेंद्र मेघवाल और रिक्की सिंह सरदार दोनों पहले स्पा सेंटर चलाते थे। कुछ महीने पहले पैसों को लेकर कहासुनी हुई थी, जो कि बाद में झगड़े में बदल गई। सुरेंद्र मेघवाल का आरोप है कि रिक्की सिंह ने उनके मित्र देवदत्त से पैसों की मांग की, इस पर विवाद इतना बढ़ गया कि रिक्की सिंह सहित अन्य लोगों ने देवदत्त और सुरेंद्र पर हमला कर दिया।
सुरेंद्र ने रिपोर्ट में यह भी दर्ज करवाया कि झगड़े के दौरान जातिगत अपशब्द कहे गए, जिससे मामला और गंभीर हो गया। औद्योगिक थाना पुलिस ने जांच के बाद आरोपी रिक्की सिंह सरदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। इस घटना के बाद शहर में स्पा व्यवसाय से जुड़े पुराने विवाद और आपसी रंजिशें एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं।



