पाली : विजयादशमी पर हिंदू सेवा मंडल ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को अर्पित की भावपूर्ण श्रद्धांजलि

पाली : विजयादशमी के पावन अवसर पर पाली में हिंदू सेवा मंडल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और राष्ट्रपुरुष लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया। संस्था के अध्यक्ष डॉ एम.एस. लोढ़ा, पूर्व अध्यक्ष मांगीलाल गांधी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अम्बालाल सोंलकी और डॉ जी.एन. अरोड़ा ने दोनों महान व्यक्तित्वों के जीवन और उपलब्धियों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।
संस्था के प्रवक्ता देवराज शर्मा ने कहा कि बीसवीं सदी के ये युगपुरुष सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह और राष्ट्र के प्रति निष्ठा के प्रतीक रहे। उन्होंने समाज को कल्याणकारी उपलब्धियों की ओर प्रेरित किया और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सदस्य छगनलाल लाल सालेचा, गुरुचरण हेड़ा, ढलाराम जांगिड़, कंवर लाल मंडोरा, अशोक गौड़, विजय नाथ और जेठूसिंह राजावत सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। उन्होंने संस्था द्वारा संचालित कुष्ठाश्रम में रोगियों की सेवा और सुश्रुषा करते हुए, महापुरुषों को सच्चे मन से श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित सभी ने अपने जीवन में गांधी और शास्त्री के आदर्शों को अपनाने और समाज सेवा के कार्यों में योगदान देने का संकल्प लिया।



