पाली : यूज़ एंड थ्रो फ्री परिसर की ओर बड़ा कदम, जिला कलक्टर ने किया पर्यावरण अभियान का शुभारंभ

पाली : पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और प्लास्टिक कचरे पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन पाली ने एक सराहनीय पहल की है। गुरुवार को जिला कलक्टर कार्यालय परिसर को ‘यूज एंड थ्रो फ्री परिसर’ बनाने के प्रयासों के तहत जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने ‘राम सेतु की गिलहरी’ थीम वाले विशेष पोस्टर/फ्लेक्स का विमोचन किया।
इस मौके पर जिला कलक्टर ने सभी जिला स्तरीय कार्यालयों के कार्मिकों और प्रकृति प्रेमियों से इस मुहिम में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सरकारी कार्यालय में यह पोस्टर लगाया जाए ताकि कर्मचारी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने संकल्प को प्रतिदिन याद रखें।

कलक्टर एल.एन. मंत्री ने बताया कि यूज़ एंड थ्रो वस्तुओं का बढ़ता अनावश्यक उपयोग न केवल स्वच्छता के लिए चुनौती है बल्कि यह स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका है। सरकारी कर्मचारियों को चाहिए कि वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि दशहरा और गांधी जयंती जैसे विशेष अवसर पर इस स्वच्छता अभियान की शुरुआत करना इस दिवस की प्रासंगिकता को और बढ़ाता है। उन्होंने मुख्यालय के सभी कार्यालयों से अपने परिसरों को यूज़ एंड थ्रो फ्री घोषित करने और जागरूकता बढ़ाने के लिए फ्लेक्स लगाने का आह्वान किया।इस अवसर पर कार्यालय के प्रद्युम्न सिंह, राजेश कुमावत, गोपाल सरियाला, प्रधानाचार्य तुलसी राम सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



