सुमेरपुर क्षेत्र को मिली विकास की सौगात, मंत्री जोराराम कुमावत ने किया कई विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण

सुमेरपुर : राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं सुमेरपुर विधायक जोराराम कुमावत ने शुक्रवार को अपने प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत भांवरी और मनिहारी में विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुड़ा प्रतापसिंह सहित आसपास के गांवों में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
मंत्री कुमावत ने गुड़ा प्रतापसिंह स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विधायक कोष से निर्मित नए कक्षा कक्ष और प्रार्थना स्थल पर बने टिन शेड का लोकार्पण किया। इसके अलावा, विधायक मद से स्वीकृत राशि से बनाए गए सार्वजनिक टिन शेड का उद्घाटन भी किया गया।
इसी क्रम में लच्छानाडा में पंचायत समिति की राशि से बनी सुरक्षा दीवार व घाट निर्माण कार्य, और पादरला में मनरेगा योजना के तहत बने आंगनबाड़ी केंद्र भवन का लोकार्पण भी मंत्री कुमावत द्वारा संपन्न हुआ। ग्राम मनिहारी में मंत्री की अनुशंसा पर निर्मित नए बस स्टैंड का लोकार्पण कर ग्रामीणों को एक और बड़ी सौगात दी गई। ग्रामीणों ने इन विकास कार्यों के लिए मंत्री श्री कुमावत का आभार व्यक्त करते हुए उनका स्वागत व अभिनंदन किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को तेज़ी से पूरा किया जा रहा है। हर विधानसभा क्षेत्र में समान रूप से योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। सुमेरपुर क्षेत्र के लिए भेजी गई अधिकांश योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है, कई कार्य प्रगति पर हैं और कुछ योजनाएँ वित्तीय स्वीकृति के बाद जल्द शुरू होंगी।
कार्यक्रम में प्रशासक भेरूसिंह शेखावत (मणिहारी), गुंदोज मंडल महामंत्री हीरालाल परिहार, बूथ अध्यक्ष दिनेश देवासी, पूरण दास, ललित कुमावत, प्रधान मोहिनी पटेल, प्रधान प्रतिनिधि पुखराज पटेल, सांसद प्रतिनिधि डी.आर. चौधरी, रामलाल कुमावत, संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह, एसडीएम पाली विमलेंद्र सिंह राणावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



