पाली : वरिष्ठ नागरिक समिति की बैठक में शरद पूर्णिमा और रासलीला पर हुई विशेष चर्चा

पाली : आज मंगलवार को कारण सिंह चाली स्थित सभागार में वरिष्ठ नागरिक समिति, पाली की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. रामलाल मोहबारशा ने की, जबकि महामंत्री नरपत सिंह कुंपावत ने बैठक की मुख्य बातें उपस्थित सदस्यों के समक्ष रखीं।
बैठक में जिला अध्यक्ष ने महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एम. के. रेना के पदभार संभालने पर उन्हें और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं दी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस कार्यकाल में वरिष्ठ नागरिकों के हित में लंबित मांगों को पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे।

बैठक में वरिष्ठ नागरिक समिति की पाली और नाडोल शाखाओं द्वारा ग्रामीण स्तर पर स्मार्ट कार्ड निर्माण के लिए कैंप आयोजित करने तथा बाली वरिष्ठ नागरिक समिति द्वारा भामाशाह के सहयोग से राजकीय अस्पताल को डी-फ्रिज भेंट किए जाने की जानकारी दी गई। जिला अध्यक्ष ने संबंधित शाखाओं और उनकी टीम का धन्यवाद किया। डी-फ्रिज की सेवाएं लंबे समय से राजकीय अस्पताल सोजत सिटी द्वारा ली जा रही हैं, जिसकी प्रेरणा वरिष्ठ नागरिक समिति सोजत सिटी ने दी थी।
बैठक का मुख्य विषय रासलीला था। इस अवसर पर गणपत सिंह दय्या ने पाली जिले के बाली क्षेत्र में पूर्व विधायक मोहनराज जैन द्वारा स्थापित विधोतमा संस्था का जिक्र किया। संस्था के तत्वाधान में शरद पूर्णिमा की रात कवि सम्मेलन, खीर बनाकर खुले आकाश में प्रसादी और भोजन का आयोजन किया जाता है, जो पाली जिले की सांस्कृतिक विशेषता और गौरव की पहचान है।
जिला अध्यक्ष डॉ. रामलाल मोहबारशा ने कहा कि भारत में दीपावली और होली के बाद शरद पूर्णिमा का त्यौहार अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि भगवान श्री कृष्ण और राधा ने गोपियों, साधु-संतों और यहां तक कि शिव-पार्वती को प्रेम, भाईचारा और सद्भाव का पाठ पढ़ाया। रासलीला की महिमा इतनी विशाल थी कि यह 20 करोड़ 67 हजार वर्ष तक चली, जिसमें भगवान ने अपनी योग माया से समय को स्थिर कर दिया।

बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवरत्न मल गुप्ता, गौतम चंद यति, लूण सिंह राठौड़, कमल प्रकाश शर्मा, रामजीवन तापड़िया, गोपाल दास मुंद्रा, विष्णु कुमार गोयल, जगदीश दुबे, घीसालाल अणकियां, सुनील कुमार टॉक, भगवान सहाय ओझा, सुमेर सिंह चावड़ा, गणेशाराम परमार, मोहनलाल राठौड़, कालू प्रकाश शर्मा, रमेश पारीक सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में महामंत्री ने आगंतुक सदस्यों का आभार व्यक्त किया और सभा का समापन किया।



