
पाली : राजस्थान शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित 69वीं राज्य स्तरीय अंडर-17/19 (बालक/बालिका) बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पाली जिले के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 7 पदक अपने नाम किए, जिनमें 2 स्वर्ण और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। यह प्रतियोगिता 1 से 7 अक्टूबर 2025 तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तोपदड़ा, अजमेर में आयोजित हुई।

पाली जिले के दल का नेतृत्व छात्र वर्ग (17/19) में पीयूष भटनागर और छात्रा वर्ग (17/19) में अनीता भटनागर ने किया। टीम को बॉक्सिंग प्रशिक्षक दिलीप गहलोत और मनोज कुमार भटनागर ने प्रशिक्षित किया।
प्रतियोगिता में तेजस्व व्यास ने 46–49 किग्रा भार वर्ग (19 वर्ष छात्र) में स्वर्ण पदक जीता, जबकि पल्लवी ने 45 किग्रा भार वर्ग (19 वर्ष छात्रा) में स्वर्ण पदक जीतकर पाली जिले का नाम रोशन किया। अब ये दोनों मुक्केबाज अपने-अपने भार वर्ग में राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं, निकिता पांडे, निधि कौर, निशा, हर्षित सांखला और मोहम्मद फहीम ने कांस्य पदक जीतकर तृतीय स्थान हासिल किया।

पाली लौटने पर खिलाड़ियों और टीम स्टाफ का शिविराधिपति प्रधानाचार्य उम्मेद राम बोस और वासुदेव शर्मा (अध्यक्ष, पाली बॉक्सिंग एसोसिएशन) ने स्वागत कर उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शंकर पटेल, गिरधर सिंह प्रवीण, नरेश पांडे, जगदीश बिश्नोई, किसन व्यास, ओम प्रकाश, श्रवण कुमार, जयंत, भरत, बाबूलाल सहित कई खेल प्रेमी उपस्थित रहे। पाली जिले की इस उपलब्धि से स्थानीय खेल जगत में खुशी की लहर है और सभी ने राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।




