पाली : श्री पिंजरापोल गौशाला में विनय भंसाली बने नए अध्यक्ष, गोसेवा और विकास योजनाओं को मिलेगी नई गति

पाली। केरिया दरवाजा स्थित श्री पिंजरापोल गौशाला, जो पाली की सबसे बड़ी गौशालाओं में से एक है, में बुधवार को नए अध्यक्ष के चयन हेतु कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से विनय भंसाली को गौशाला का नया अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
गौरतलब है कि लगभग एक माह पूर्व तत्कालीन अध्यक्ष किरणराज लोढ़ा के स्वर्गवास के बाद यह पद रिक्त चल रहा था। बैठक के दौरान वरिष्ठ सदस्य चेनराज मेहता ने अध्यक्ष पद के लिए विनय भंसाली का नाम प्रस्तावित किया, जिसका समर्थन मंत्री देवीलाल सांखला और उपाध्यक्ष प्रदीप कच्छवाह ने किया। प्रस्ताव पर उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से अपनी स्वीकृति प्रदान की।

इस अवसर पर डॉ. के.एम. शर्मा, सोनाराम पटेल, प्रदीप मुथा, उगमराज सांड, गुमानमल भंसाली, मूलचंद भंसाली, छगनलाल सालेचा, सुरेश भंसाली, सुरेश कवाड़, प्रकाश सुराणा, श्याम अरोड़ा, महेंद्र बोहरा, प्रमोद मुथा, गौरव मेहता, दिनेश लुंकड, मुकनदास गर्ग, लुंबाराम सीरवी, महेंद्र बंब, रोशनलाल बोहरा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनय भंसाली का माल्यार्पण कर स्वागत और अभिनंदन किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनय भंसाली ने कहा कि कार्यकारिणी के नेतृत्व में गौशाला की सेवाओं को और गति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आगामी गोपाष्टमी उत्सव की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। साथ ही, निर्माणाधीन पशु चिकित्सा ट्रॉमा वार्ड को आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया जाएगा। गौशाला परिसर में बन रहे सर्वधर्म मंदिर का कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा।
इसके अलावा, खातीखेड़ा-खेरवा स्थित नंदीशाला के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने और आवश्यक सरकारी स्वीकृति प्राप्त करने का निर्णय लिया गया। बैठक में गौशाला के विकास, प्रबंधन और नई योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। अंत में गौशाला के मुख्य संरक्षक और परम गोभक्त छोगालाल बोहरा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनय भंसाली को आशीर्वाद प्रदान किया और गोसेवा के कार्य में सफलता की शुभकामनाएं दी।



