पाली : उद्यमियों और कर्मचारियों को रोजगार प्रोत्साहन योजना की जानकारी, भविष्य निधि आयुक्त ने किया मार्गदर्शन

पाली : शहर में शुक्रवार को टेक्सटाइल एसोसिएशन भवन में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त केन्द्रीय भविष्य निधि आयुक्त अजीत कुमार ने उद्यमियों, नियोक्ताओं और कर्मचारियों को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना एवं उद्यम प्रोत्साहन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। अजीत कुमार ने बताया कि केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने यह योजना 01 जुलाई 2025 को मंजूरी दी है। इसका मुख्य उद्देश्य सभी क्षेत्रों में नौकरी सृजन, रोजगार क्षमता और सामाजिक सुरक्षा को बढ़ाना है। इस योजना का लाभ 01 अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2027 के बीच सृजित रोजगार पर लागू होगा।

योजना के दो प्रमुख भाग हैं: भाग A:
ईपीएफओ में पंजीकृत पहली बार काम करने वाले कर्मचारियों को एक महीने का ईपीएफ वेतन (अधिकतम 15,000 रुपये) दो किस्तों में दिया जाएगा।
पात्रता: मासिक वेतन 1 लाख रुपये तक वाले कर्मचारी। पहली किस्त: 6 महीने की सेवा के बाद। दूसरी किस्त: 12 महीने की सेवा और वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम पूरा करने के बाद। भुगतान डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से पैन-लिंक्ड खाते में किया जाएगा। प्रोत्साहन राशि का एक हिस्सा बचत खाते में जमा किया जाएगा ताकि कर्मचारियों में बचत की आदत विकसित हो।
भाग B:
ईपीएफओ के साथ पंजीकृत नियोक्ताओं को कम से कम 6 महीने के लिए अतिरिक्त कर्मचारी नियुक्त करने होंगे:
50 से कम कर्मचारियों वाले नियोक्ताओं के लिए 2 अतिरिक्त कर्मचारी 50 या अधिक कर्मचारियों वाले नियोक्ताओं के लिए 5 अतिरिक्त कर्मचारी, सरकार प्रत्येक अतिरिक्त कर्मचारी के लिए दो साल तक 3,000 रुपये प्रति माह प्रोत्साहन देगी। विनिर्माण क्षेत्र में प्रोत्साहन तीसरे और चौथे वर्ष तक भी बढ़ाया जाएगा। भुगतान सीधे नियोक्ताओं के पैन-लिंक्ड खातों में किया जाएगा।

इस अवसर पर आयुक्त ने अन्य लाभों के बारे में भी जानकारी दी, जिनमें शामिल हैं:
मातृत्व और चिकित्सा हितलाभ, अटल बीमा एवं व्यक्ति कल्याण योजना, बेरोजगारी भत्ता और प्रसूति व्यय, व्यावसायिक प्रशिक्षण और कौशल विकास, शारीरिक पुनर्वास, बीमारी और निःशक्तता हितलाभ
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सय्यद रज्जाक अली, उप श्रम आयुक्त हीरालाल शर्मा, रविराज आचार्य समेत विभिन्न टेक्सटाइल कंपनियों के उद्यमी और व्यवसायी मौजूद रहे। अतिरिक्त केन्द्रीय भविष्य निधि आयुक्त ने सभी उपस्थित उद्यमियों और कर्मचारियों को योजना के लाभ उठाने और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन किया।




