अंतरराष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस पर युवाओं ने सीखे आपदा प्रबंधन के गुर
बांगड़ कॉलेज में ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा हुआ जागरूकता कार्यक्रम, विशेषज्ञों ने दिए व्यावहारिक सुझाव

पाली : बांगड़ महाविद्यालय में रविवार को अंतरराष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम विभाग, भारत सरकार के स्वायत्तशासी संगठन मेरा युवा भारत (माय भारत) पाली की ओर से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें समाज के हित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर भूगोल विभाग के प्रो. श्रवण सिंह ने विद्यार्थियों को आपदाओं के प्रकार, कारण और उनके प्रभाव पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं के साथ-साथ मानव जनित आपदाएं भी बढ़ रही हैं, जिनसे निपटने के लिए सामूहिक जागरूकता जरूरी है।

प्रो. अमराराम ने अपने उद्बोधन में जलवायु परिवर्तन और जीवनशैली सुधार के माध्यम से आपदा जोखिम को कम करने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि “यदि हम पर्यावरण संतुलन और संसाधनों के संरक्षण पर ध्यान दें, तो कई आपदाओं को रोका जा सकता है।”
जिला युवा अधिकारी राजेंद्र जाखड़ ने युवाओं को स्वयंसेवा, आपदा न्यूनीकरण और विकसित भारत क्विज़ से संबंधित गतिविधियों के बारे में अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं को पानी की बोतलें भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एनसीसी प्रभारी रामेश्वर चौधरी, प्रो. अपूर्व माथुर, भंवरसिंह राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स व युवा उपस्थित रहे।



