
पाली। शहर के रामनगर स्थित महेश वाटिका में स्थित मतवाला बालाजी मंदिर में रविवार को वार्षिक ध्वजा चढ़ाने का आयोजन धूमधाम और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां भक्तों ने जयकारों और भजन-संकीर्तन के साथ बालाजी महाराज की पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर विमल मूंदड़ा ने बताया कि वार्षिक ध्वजा चढ़ाने के कार्यक्रम में विशेष पूजा-अर्चना के बाद पंडित ओम दवे द्वारा ध्वजा पूजन विधि कराई गई। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने मिलकर हनुमान चालीसा पाठ किया और मंदिर परिसर में भक्ति का अद्भुत वातावरण बन गया।

कार्यक्रम में सुशील मूंदड़ा, विनोद मूंदड़ा, विजय मूंदड़ा, विवेक, रिदम, राहुल, सुनीता, रेखा, सविता, कुसुम, मोनल और आर्ची सहित बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। आरती के पश्चात सभी को महाप्रसाद का वितरण किया गया।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष आस्था और परंपरा के प्रतीक के रूप में किया जाता है। इस मौके पर भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि और देश-प्रदेश की शांति के लिए प्रार्थना की।




