google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

महिलाओं को न्याय दिलाने के संकल्प के साथ—जिला विधिक प्राधिकरण सचिव विक्रम सिंह भाटी ने सखी वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण

पाली : महिलाओं को सुरक्षा, सहायता और न्याय एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर, बांगड़ अस्पताल परिसर पाली का निरीक्षण मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विक्रम सिंह भाटी ने किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रबंधक देवी बामणिया ने सचिव भाटी को सखी सेंटर की गतिविधियों, प्राप्त शिकायतों, निस्तारित मामलों और फॉलोअप प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सचिव भाटी ने केस रजिस्टर, फाइलें, आगंतुक रजिस्टर सहित सभी दस्तावेजों का अवलोकन किया और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक पीड़िता को समयबद्ध न्याय और आवश्यक सहायता मिले।

विक्रम सिंह भाटी ने कहा कि “पीड़ित महिलाओं को न्याय और सुरक्षा प्रदान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों में विधिक सहायता अपेक्षित हो, उन प्रकरणों में निशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करवाने हेतु आवेदन पत्र तुरंत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजे जाएं।
निरीक्षण के दौरान कुंती बाला, गीता देवी, विक्रम चौधरी और रेशमा सहित सखी वन स्टॉप सेंटर का स्टाफ मौजूद रहा।

सखी वन स्टॉप सेंटर पीड़ित महिलाओं को सुरक्षा, मनोवैज्ञानिक परामर्श, कानूनी सलाह, आश्रय और पुनर्वास जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराता है। निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने इस पहल को महिलाओं के सशक्तिकरण और न्याय तक आसान पहुंच का प्रभावी माध्यम बताते हुए इसके संचालन को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button