google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

बेड़ा में जनजातीय गौरव वर्ष के तहत भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, आदिवासी संस्कृति को सहेजने का संदेश

पाली : केंद्र एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को बाली उपखंड की ग्राम पंचायत बेड़ा स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय एवं राजकीय जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास बेड़ा में जनजातीय गौरव वर्ष के तहत विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कथा, चित्रकला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि बाली विकास अधिकारी भोपाल सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन और आदिवासी समाज के उत्थान में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

विकास अधिकारी ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अपने त्याग और संघर्ष से न केवल आदिवासी संस्कृति की रक्षा की, बल्कि समाज में आत्मगौरव और स्वाभिमान की भावना जगाई। उन्होंने इस अवसर पर सरकार द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

बालिका छात्रावास की छात्राओं ने भगवान बिरसा मुंडा के गीत पर सुंदर सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समा बांध दिया। इसके साथ ही अन्य विद्यालयों और जनजातीय छात्रावासों में भी विविध गतिविधियां आयोजित की गईं।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य जयंतीलाल मीणा, रेजिडेंशियल स्कूल के प्रधानाचार्य हुकमसिंह, वार्डन, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने न केवल आदिवासी संस्कृति की झलक पेश की बल्कि समाज में गौरव, एकता और प्रेरणा का संदेश भी दिया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button