google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliअपराधदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल में 9 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत — 48 फीट ऊँचाई से कूदने के बाद उठे कई सवाल

जयपुर : राजधानी जयपुर के नामी नीरजा मोदी स्कूल में शुक्रवार को दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहाँ कक्षा चौथी में पढ़ने वाली 9 वर्षीय छात्रा ने स्कूल की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। इस दर्दनाक घटना ने न केवल स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि समाज को भी यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि एक नन्हीं बच्ची को इतना बड़ा कदम उठाने की आखिर क्या मजबूरी रही होगी?

जानकारी के अनुसार, बच्ची का कक्षा ग्राउंड फ्लोर पर था, लेकिन वह धीरे-धीरे सीढ़ियाँ चढ़कर चौथी मंजिल तक पहुँची, फिर वहां लगभग दो फीट ऊँची रेलिंग पर चढ़कर 48 फीट की ऊँचाई से नीचे कूद गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद स्कूल प्रशासन के रवैये पर भी सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, पुलिस और FSL टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्कूल स्टाफ ने सीढ़ियों को पानी से धोकर साफ कर दिया, जिससे साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका जताई जा रही है। एक ऐसे महंगे स्कूल में, जहाँ हर कोने पर CCTV कैमरे और सुरक्षा स्टाफ की मौजूदगी होती है — वहां यह घटना कैसे और क्यों हुई, यह जांच का विषय बन गया है।

बच्ची रोज़ की तरह मुस्कुराते हुए स्कूल पहुंची थी, लेकिन कुछ घंटे बाद उसकी मौत की खबर पूरे शहर को हिला गई। क्या यह कोई अचानक लिया गया कदम था या किसी मानसिक दबाव का परिणाम? क्या किसी ने उसे प्रताड़ित किया, या वह किसी डर से जूझ रही थी? इन सभी सवालों के जवाब फिलहाल जांच का हिस्सा हैं। पुलिस ने स्कूल परिसर के CCTV फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। FSL टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।
बच्ची के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही और सच्चाई छिपाने के आरोप लगाए हैं। यह हादसा केवल एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए आत्ममंथन का विषय बन गया है। महंगे स्कूल और आधुनिक शिक्षा के बीच शायद हम बच्चों के मन और भावनाओं की आवाज़ सुनने में पीछे रह गए हैं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button