google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम, पाली में बेटियों के लिए शिक्षा और सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई

पाली : जिला प्रशासन और महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में श्री सुंधा माता शिक्षण संस्था उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजेन्द्र नगर (पाली) में मंगलवार को विभागीय योजनाओं के आमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था।

कार्यक्रम महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक भागीरथ के निर्देशन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमन की जेंडर स्पेशलिस्ट राजश्री ने विभाग द्वारा संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत कालीबाई भील महिला संबल शिक्षा सेतु योजना की विस्तृत जानकारी दी।

राजश्री ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य उन महिलाओं और बालिकाओं को पुनः शिक्षा से जोड़ना है, जिनकी पढ़ाई किसी कारणवश बीच में रुक गई हो। इस योजना के तहत राजस्थान की मूल निवासी महिलाएं राज्य ओपन स्कूल के माध्यम से फिर से कक्षा 10वीं और 12वीं की पढ़ाई कर सकती हैं।
उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं के लिए न्यूनतम आयु 14 वर्ष और कक्षा 12वीं के लिए 15 वर्ष निर्धारित की गई है।

इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री लाड़ो प्रोत्साहन योजना की जानकारी दी। इस योजना का उद्देश्य बालिकाओं के जन्म से लेकर स्नातक शिक्षा तक आर्थिक सहयोग प्रदान करना है। राज्य सरकार के इस प्रावधान के तहत राज्य के सरकारी या मान्यता प्राप्त निजी अस्पतालों में जन्मी बालिकाओं को डेढ़ लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाती है।

कार्यक्रम में एमटीएस इंदुबाला ने सखी वन स्टॉप सेंटर एवं महिला सुरक्षा और सलाह केंद्र की कार्यप्रणाली पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये केंद्र संकट की स्थिति में महिलाओं को कानूनी सहायता, परामर्श और त्वरित सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य पुरण कुमार, अध्यापिका नेहा जोशी, बबीता सहित बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें राज्य सरकार की योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिलाना था।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button