google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में जिला स्तरीय अधिकारियों को जनसुनवाई, संपर्क पोर्टल और फ्लैगशिप योजनाओं पर किया निर्देशित

पाली : राज्य सरकार के जिला प्रभारी एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव अश्विनी भगत ने गुरुवार को जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सेवा शिविरों, राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, जनसुनवाई एवं संपर्क पोर्टल से संबंधित प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं गुणात्मक समाधान करने के निर्देश दिए।

अश्विनी भगत ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से जनता को सीधा राहत पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि “जनसुनवाई और संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समाधान भी उसी भावना से किया जाए — ताकि लोगों को न्याय के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।”

बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त योजना, सांसद-विधायक विकास कार्यक्रम, स्वामित्व योजना, ड्रोन दीदी, राजीविका, सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त सड़कों का पेचवर्क, जल जीवन मिशन (PHED), जल संसाधन विभाग द्वारा पेयजल आपूर्ति, रूफटॉप सोलर और पीएम सूर्यघर योजना, कुसुम योजना (A, B, C), फर्टिलाइजर वितरण, कृषि कार्यों की प्रगति, और चिकित्सा विभाग में मौसमी बीमारियों की रोकथाम जैसे बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

अश्विनी भगत ने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने और योजनाओं के लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में मात्र संख्यात्मक नहीं बल्कि गुणात्मक परिणाम भी नजर आने चाहिए, ताकि जनता को वास्तविक राहत मिले।

बैठक के दौरान जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने जिले में चल रही योजनाओं की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि अधिकांश योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों की ओर तेज़ प्रगति हो रही है।

इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस बिरजू गोपाल, डीएफओ बाला मुरूगन, एडीएम डॉ. बजरंग सिंह, एडीएम ओम प्रभा, सीईओ जिला परिषद मुकेश चौधरी, यूआईटी सचिव डॉ. पूजा सक्सेना, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button