पाली में बालिकाओं को मिला सशक्तिकरण का मंत्र, कार्यस्थल सुरक्षा, हेल्पलाइन व साइबर जागरूकता पर विशेष कार्यशाला

पाली : जिला प्रशासन और महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मॉडर्न कम्प्यूटर सेंटर, पाली में बालिकाओं के लिए सशक्तिकरण एवं सुरक्षा विषयक विशेष आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक के निर्देशानुसार सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिला हब एंपावरमेंट ऑफ वूमन से जेंडर स्पेशलिस्ट राजश्री चौहान ने बालिकाओं को कार्यस्थल पर महिला उत्पीड़न अधिनियम 2013 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को यौन उत्पीड़न से रोकने, बचाने और उनके लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने हेतु बनाया गया है। चौहान ने 181 महिला हेल्पलाइन का महत्व समझाते हुए बालिकाओं को किसी भी आपात स्थिति में बेझिझक इसका उपयोग करने की सलाह दी।

इसके साथ ही बालिकाओं को राजकोप सिटीजन एप, महिला सुरक्षा उपायों एवं RSCIT कोर्स के तहत डिजिटल जागरूकता की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अन्त में जिला परियोजना अधिकारी हर्षवर्धन जयपाल ने आर.के.सी.एल. द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं व करियर उन्मुख कोर्सों पर प्रकाश डाला और बालिकाओं को इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस जागरूकता कार्यक्रम में मॉडर्न कम्प्यूटर सेंटर के निदेशक रणजीत सिंह राजपुरोहित, सेंटर फैकल्टी गायत्री गौड़ सहित 20 बालिकाएं उपस्थित रहीं।



