गजनगढ़ टोल प्लाज़ा पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की गूंज, पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश

पाली : हरियालो राजस्थान सघन वृक्षारोपण अभियान के तहत जोधपुर–पाली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गजनगढ़ टोल प्लाज़ा पर गुरुवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ऑप्टोमेट्रिस्ट डॉ. खुशबू और डॉ. जितेंद्र कुमार ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
डॉ. खुशबू ने कहा कि “हम आज सांस ले पा रहे हैं, क्योंकि कभी किसी ने एक पेड़ लगाया था। अब जिम्मेदारी हमारी है कि धरती को फिर से हरा-भरा बनाया जाए। छांव, जीवन और शुद्ध वायु सब कुछ हमें एक वृक्ष से मिलता है।” उन्होंने लोगों से प्रकृति से जुड़ने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

सीएसआर मैनेजर फिरोज़ खान ने कहा कि “वन हैं तो भविष्य है। पौधों के बिना हमारा अस्तित्व संभव नहीं। हर व्यक्ति अपने आसपास पौधरोपण और संरक्षण का संकल्प ले।”
वरिष्ठ प्रबंधक टोल ऑपरेशन पवन कुमार ने बताया कि धरती को बचाने का सबसे सरल तरीका पौधारोपण है। “पर्यावरण की सुरक्षा ही हमारे और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की सुरक्षा है। आइए, मिलकर हरियाली बढ़ाएं और प्रकृति को संरक्षित करें।”
कार्यक्रम में गजेन्द्र चौधरी, बबली, कालू, अर्जुन शेरू सहित टोल प्लाज़ा के अनेक कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन के दौरान कई प्रजातियों के पौधे रोपित कर उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया।




