पाली : मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान तेज, शिविरों में सैकड़ों मतदाताओं की समस्याओं का मौके पर निस्तारण

पाली : जिले में चल रहे मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान को गति देने के लिए गुरुवार को निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में गणना प्रपत्र भरने के दौरान आ रही मतदाताओं की कई प्रकार की समस्याओं का बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने मौके पर समाधान किया।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान में बी.एल.ओ. द्वारा निष्ठा से किए जा रहे कार्यों के कारण अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समयबद्ध कार्यक्रम के रूप में चल रहे इस अभियान में हर पात्र मतदाता को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

शिवाजी नगर स्थित भाग संख्या 195, 196 और 197 में बी.एल.ओ. धर्मेन्द्र सोलंकी, कमलेश कुमार, लक्ष्मी शर्मा तथा सहायक बी.एल.ओ. भोलाराम और महावीर ने बड़ी संख्या में पहुंचे मतदाताओं के गणना प्रपत्र भरने में सहयोग दिया।
इसी तरह मंडिया गांव में भाग संख्या 102 और 103 के लिए लगाए गए शिविर में सुपरवाइजर चन्द्र प्रकाश अगनानी, बी.एल.ओ. नेमीचन्द और रविन्द्र विश्नोई, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुमनबाला, सुमित्रा, देवी और आशा सहयोगिनी रेखा ने मतदाताओं के प्रपत्रों को ऑनलाइन व ऑफलाइन भरने में अहम भूमिका निभाई।
राणावत ने अपील की कि जिले के सभी पात्र मतदाता इस अभियान का लाभ उठाकर अपनी जानकारी अपडेट करवाएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहयोग दें।



