पाली जिले को राज्य स्तरीय सम्मान सुमेरपुर के BLO सुमेर सिंह ने किया 100% डिजिटाइजेशन, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने किया सम्मानित

पाली : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में उत्कृष्ट कार्य करते हुए पाली जिले ने एक बार फिर राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 212 के बूथ लेवल अधिकारी सुमेर सिंह को परिगणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन करने पर राज्य स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन द्वारा सम्मानित किया गया।
सुमेर सिंह को यह सम्मान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह की ओर से प्रदान किया गया। अभियान के दौरान सटीक, समयबद्ध और पूर्ण डिजिटलीकरण कार्य ने जिले का नाम राज्य स्तर पर रोशन किया है।

सम्मान समारोह के समय निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी सुमेरपुर कालूराम कुम्हार, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र राणावत, तहसीलदार (निर्वाचन) रेखा देवी, सुरेंद्र जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। यह उपलब्धि जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों में तकनीकी दक्षता, पारदर्शिता और समयबद्धता की मजबूत मिसाल पेश करती है।



