पाली : मतदाता सूची पुनरीक्षण की रफ्तार तेज, कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने सभी अधिकारियों को 4 दिसंबर तक डिजिटलाइजेशन पूरा करने के निर्देश

पाली : विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय के सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग परिसर में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने जिले के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ वीडियोकॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर अभियान की अब तक की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
कलेक्टर मंत्री ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन विभाग का एक समयबद्ध कार्यक्रम है, ऐसे में चार दिसंबर से पहले सभी गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन हर हाल में पूरा होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची देश के लोकतांत्रिक ढांचे की आधारशिला है, इसलिए इसमें सटीकता, निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि जिले में पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण रूप से पूरा हो सके। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. बजरंग सिंह, पाली के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विमलेंद्र सिंह राणावत, निर्वाचन शाखा के सुरेंद्र जैन, संदीप दवे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पाली जिले में निर्वाचन विभाग द्वारा पुनरीक्षण अभियान को लेकर की जा रही इस सघन मॉनिटरिंग से उम्मीद है कि आगामी विधानसभा व अन्य चुनावों के लिए मतदाता सूची और अधिक सटीक व अद्यतन रूप में तैयार होगी।



