जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव की रामाासिया पुनर्वास गृह पर आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाएँ संतोषजनक

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने बुधवार को रिद्धी–सिद्धी सेवा संस्थान द्वारा संचालित मानसिक विमंदित पुनर्वास गृह, रामासिया का निरीक्षण किया।
सचिव भाटी ने निर्देशानुसार आश्रम की विविध व्यवस्थाओं—भोजन एवं पेयजल, चिकित्सा सुविधाएँ, सुरक्षा व्यवस्था, पुनर्वास प्रक्रिया, सफाई व्यवस्था आदि का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान रसोई, कमरों, स्नानघर एवं शौचालयों की स्वच्छता और मौसम के अनुकूल की गई तैयारियों को उचित पाया गया।

पुनर्वास गृह में रह रहे बालकों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। केयरटेकर निकी सागर ने बताया कि यहाँ मानसिक रूप से मंदबुद्धि बच्चों के लिए आवास, भोजन, शिक्षण, योगाभ्यास सहित आवश्यक सेवाएँ निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं। सचिव भाटी ने मानसिक विमंदित बच्चों के पुनर्वास की प्रक्रिया व प्रगति की जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि—
बच्चों को उपलब्ध सुविधाओं तक आसान पहुँच हो, नियमित चिकित्सकीय जांच करवाई जाए, प्रत्येक बच्चे की रुचि के अनुरूप गतिविधियाँ संचालित की जाएँ। निरीक्षण के समय केयरटेकर निकी सागर के साथ जीवनराम, दरिया देवी सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।




