जंक फूड से होने वाली बीमारियों पर पाली में चला जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को मिले स्वास्थ्यवर्धक आहार के मंत्र

पाली : प्रदेशभर में शुद्ध आहार एवं मिलावटखोरी के खिलाफ चल रहे ‘वार अभियान’ के तहत पाली जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्कूलों और प्रशिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण टी. शुभमंगला के निर्देश और सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को जंक फूड से होने वाले खतरों के बारे में जागरूक किया।
सेंट जेवियर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेशचन्द्र शर्मा ने कहा कि बच्चों में बढ़ती जंक फूड की प्रवृत्ति गंभीर बीमारियों को जन्म दे रही है। बर्गर, पिज्जा, मोमोज आदि के लगातार सेवन से छोटी व बड़ी आंत, आहार नली में सूजन और कई अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोटे अनाज व संतुलित सात्विक आहार अपनाने की सलाह दी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीपसिंह यादव ने खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के उपायों और मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (MFTL) के उपयोग के बारे में जानकारी दी। छात्रों को बताया गया कि किसी भी दुकानदार या होटल से भोजन लेने से पहले उसकी FSSAI लाइसेंस/पंजीयन स्थिति अवश्य जांचें और अस्वच्छ स्थानों की सूचना खाद्य विभाग को दें।
एफएसओ शर्मा ने कहा कि उपभोक्ताओं को केवल उन्हीं होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट्स में भोजन करना चाहिए जो खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए स्वच्छ और सात्विक भोजन उपलब्ध कराते हों।

एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को मिलावटखोरी को पहचानने और इसकी सूचना विभाग तक शीघ्र पहुंचाने की सलाह दी गई। उपभोक्ताओं को बिल लेकर सामग्री खरीदने की जागरूकता भी दी गई।
ट्रेनिंग सेंटर के प्राचार्य के.सी. सैनी ने संबोधन में कहा कि “नशा नाश का द्वार है।” उन्होंने बताया कि नशे की आदत ने कई परिवारों को संकट में डाला है और समाज को नकारात्मक दिशा में प्रभावित किया है। इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

स्कूल कोऑर्डिनेटर पिनल जैन और डायरेक्टर कुणाल सिंह यादव ने कहा कि बच्चों को नियमित रूप से शुद्ध भोजन और मिलेट आधारित डाइट चार्ट प्रदान किया जाएगा। छात्रों को प्रतिदिन व्यायाम करने, अंकुरित मोटे अनाज खाने और संतुलित भोजन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप सिंह यादव, सुरेशचन्द्र शर्मा, ऑपरेटर ओम प्रकाश प्रजापत, लैब तकनीशियन खुशालचंद, लक्ष्मणदान चारण, जसपाल सिंह, शिक्षिका लीना, सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।



