बीकानेर–मिरज सुपरफास्ट अब और सुरक्षित व आरामदायक, एलएचबी रैक के साथ ट्रेन ने शुरू की नई यात्रा

जोधपुर : यात्रियों की सुरक्षा और सफर की गुणवत्ता को बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रेलवे ने बीकानेर–मिरज साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस में अत्याधुनिक एलएचबी रैक का संचालन शुरू कर दिया है। सोमवार से ट्रेन संख्या 20475 बीकानेर–मिरज सुपरफास्ट नए एलएचबी कोचों के साथ पटरियों पर दौड़ने लगी है।
डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि इसी तरह ट्रेन संख्या 20476 मिरज–बीकानेर सुपरफास्ट भी मंगलवार, 9 दिसंबर से मिरज स्टेशन से एलएचबी रैक के साथ अपनी यात्रा शुरू करेगी।
त्रिपाठी के अनुसार एलएचबी रैक— अधिक सुरक्षित, ज्यादा आरामदायक और उच्च गति के अनुकूल होते हैं।
इन कोचों में यात्रियों को झटकों में कमी, बेहतर ब्रेकिंग सिस्टम और यात्रा के दौरान अधिक स्थिरता का अनुभव होगा। इससे लंबी दूरी की यात्रा और भी सहज एवं सुरक्षित हो जाएगी।
रेलवे लगातार चरणबद्ध तरीके से अपनी ट्रेनों में एलएचबी रैक शामिल कर रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों के यात्रा अनुभव को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर बनाना है। बीकानेर–मिरज सुपरफास्ट में एलएचबी रैक की शुरुआत यात्रियों के लिए निश्चित रूप से बड़ी राहत और सुविधा लेकर आई है।



