पाली : धार्मिक स्थल पर आगजनी से हड़कंप, देर रात पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा, CCTV खंगालने में जुटी पुलिस

पाली : शहर के बागावास के पास नेशनल हाईवे स्थित एक धार्मिक स्थल पर रविवार रात लगभग 10 बजे हुई आगजनी ने पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। अज्ञात व्यक्ति द्वारा कपड़ा और लोहे का केबिन जलाए जाने की इस घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने देर रात तक स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धार्मिक स्थल पर पहले एक कपड़े को आग लगाई गई, जिसके बाद पास में रखा लोहे का केबिन भी जलने लगा। कुछ ही मिनटों में धुआँ उठने लगा और आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुँच गए। स्थिति को बिगड़ने से रोकते हुए फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। SP आदर्श सिद्धू, ASP विपिन कुमार शर्मा, सोजत CO रतनलाल देवासी, सोजत CI देवेंद्र सिंह संभावित तनाव को रोकने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारी लगातार भीड़ को समझाइश देते रहे और देर रात तक स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।
पुलिस ने घटना को गंभीर मानते हुए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने कहा कि आग लगाने वाले व्यक्ति की पहचान जल्द की जाएगी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। रातभर पुलिस निगरानी में इलाके की मॉनिटरिंग करती रही, ताकि किसी प्रकार की अफवाह, विवाद या तनाव की स्थिति न बने। एहतियात के तौर पर पुलिस सुरक्षा अभी भी जारी है।
यह घटना शहर में सुरक्षा व्यवस्था और सामुदायिक शांति को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



